हल्द्वानी: फिर बंद पड़ी एसटीएच की डिजीटल एक्सरे मशीन
हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार को सुशीला तिवारी अस्पताल की डिजीटल एक्सरे मशीन एक बार फिर खराब हो गई। चलते-चलते मशीन के सॉफ्टवेयर ने काम करना बंद कर दिया। जिस कारण कई मरीजों को बिना एक्सरे कराए वापस लौटना पड़ा। अस्पताल प्रशासन सॉफ्टवेयर को ठीक कराने में जुट गया है।
एसटीएच में मरीजों की सुविधा के लिए साल 2011 में केयर स्टीम कंपनी की डिजीटल एक्सरे मशीन लगाई गई थी। करीब 12 साल पुरानी हो चुकी इस मशीन के कलपुर्जों ने अब धीरे-धीरे जवाब देना शुरू कर दिया है। कभी मशीन में खराबी तो कभी सॉफ्टेवयर की दिक्कत बनी रहती है।
कुछ ऐसा ही सोमवार को भी हुआ। मरीजों के एक्सरे करते-करते अचानक मशीन के सॉफ्टवेयर ने काम करना बंद दिया। घंटों इंतजार के बाद जब समस्या दूर नहीं हुई तो अधिकांश मरीज मायूस होकर लौट गए। अस्पताल प्रशासन पुरानी मशीन को ठीक कराने में जुट गया है। बता दें कि अस्पताल में करीब एक साल पहले एक और नई डिजीटल एक्सरे मशीन लगाई गई है। पुरानी मशीन खराब होने पर नई मशीन पर लोड बढ़ गया। एक्सरे कक्ष के बाहर मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। ये मशीन भी अब तक 30 से अधिक बार खराब हो चुकी है।
एक्सरे मशीन की खराबी की जानकारी नहीं है। अगर खराबी आई है तो उसे जल्द से जल्द ठीक कराने का प्रयास किया जायेगा।
- जीएस तितियाल, चिकित्सा अधीक्षक, सुशीला तिवारी अस्पताल
