Happy Valentine's Day 2023 wishes: वैलेंटाइन डे को इस तरह बनाएं खास, पार्टनर दिल खोल कर करेगा मोहब्बत का इजहार
Happy Valentine's Day 2023 wishes वैलेंटाइन डे को पार्टनर के साथ यादगार बनाएं।
Happy Valentine's Day 2023 wishes वैलेंटाइन डे को पार्टनर के साथ यादगार बनाएं। आज विशेष स्थल पर जाकर एक दूसरे के साथ बिताना पूरा समय चाहते हैं। कई तोहफे के साथ प्रेम के इस दिन की सुबह को खास बनाना चाहते हैं।
कानपुर, अमृत विचार। मंगलवार (आज) को वैलेनटाइन-डे है। युवा प्रेमी जोड़े तो इसे खूब मनाते ही हैं, साथ ही नव विवाहित जोड़े भी इस बार प्रेम के इस दिन को लेकर खास तैयारी कर चुके हैं। किसी ने अपने पार्टनर के दिन की शुरुआत को तोहफे के साथ यादगार बनाने की तैयारी की है तो कई जोड़े प्यार के इस पर्व के दिन किसी विशेष जगहों पर जाकर एक दूसरे के साथ पूरा समय बिताने वाले हैं।
वर्ष 2022 में 14 फरवरी के बाद 56 विशेष मुहुर्त में कई जोड़े एक दूजे के हुए थे। उसके बाद इस वर्ष जनवरी से फरवरी तक 17 विशेष मुहुर्त में भी हजारों घरों में शहनाई बजी। दोनों वर्षों के इन विशेष मुहर्त में वैवाहिक डोर में बंधे जोड़ों के लिए इस साल का वैलेनटाइन डे पहला है। प्यार के रूप में मनाया जाने वाला यह दिन प्रेमी जोड़ों के लिए खास माना जाता है।
ऐसे में नवविवाहितों ने भी इस दिन को विशेष और खास तरह से मनाने के लिए तैयारियां की हैं। शहर के पी-रोड, गुमटी नंबर पांच, नवीन मार्केट, माल रोड, पीपीएन मार्केट, गोविंद नगर, किदवई नगर आदि बाजारों व शॉपिंग मॉल में गिफ्ट की दुकानों से लेकर साड़ी, सूट, कोट, शेरवानी, मैन्स वियर, ज्वैलरी, मोबाइल आदि तमाम जगहों पर खूब खरीदारी की गई है। प्यार के इस सप्ताह में पिछले छह दिनों से प्रेमी जोड़े किसी न किसी बहाने से अपने पार्टनर को खुश करने में लगे थे। अब इस सप्ताह के आखिरी दिन 14 फरवरी को पार्टनर बाकी दिनों से भी और खास और जीवन साथी को खुश करने की हर संभव कोशिश करने वाले हैं।
उत्साहित जीवन साथी
मेरा विवाह वैलेनटाइन-डे वीक में ही हुआ है। विवाह के बाद यह पहला वैलेनटाइन डे है। इसलिए इसे यादगार और हर दिन से विशेष बनाने की तैयारी की है। पार्टनर के लिए कुछ सरप्राइज है, मकसर उसके चेहरे पर प्यारी मुस्कान लाना है।- अमित बाजपेई, पनकी
मेरा विवाह वैलेनटाइन-डे पर है। इसकी वजह से मैं काफी उत्साहित हूं। इस पर्व में मुझे जीवनसाथी मिलेगा। वैवाहिक जीवन में जिम्मेदारियों को लेकर हम मजबूत हों और एक दूसरे के प्रति अटूट डोर में बंधे, यह विश्वास ही हमारा उपहार होगा।- सुरक्षा मिश्रा, दामोदर नगर
होटल-रेस्टोरेंट बुक, खूब बिकीं चॉकलेट
वैलेनटाइन-डे पर शहर के होटल और रेस्टोरेंट भी खूब बुक हुए हैं। 14 फरवरी को होटल और रेस्टोरेंट में प्रेमी जोड़ों की वजह से स्थान मिलना आसान नहीं होता है। इस वजह से ये काफी दिन पहले से ही बुक होने शुरू हो जाते हैं। शहर में अच्छे होटल व रेस्टोरेंट की संख्या करीब डेढ़ सौ है। महंगे होने के बावजूद इनमें भी काफी पहले से बुकिंग शुरू हो गई थी। एक होटल के मैनेजर रोहित कुमार ने बताया कि इस बार नव विवाहितों के परिवारों द्वारा काफी बुकिंग की गई है। परिवार के साथ इस दिन को नवविवाहितों के लिए खास बनाने के लिए घर के बड़े भी खूब उत्साहित हैं। इसके साथ ही वैलेनटाइन-डे को देखते हुए चॉकलेट, फूल, बुके, टेडी बियर आदि की दुकानों पर भी खूब भीड़ रही। वैलेनटाइन डे वीक के चलते इन गिफ्टों व चॉकलेट के साथ दुकानें भी पहले से ही तैयार थीं।
