हल्द्वानी: पानी के लिए दमुवाढूंगा के लोगों ने किया प्रदर्शन
पिछले दो सप्ताह से ठप है क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति
हल्द्वानी, अमृत विचार। पिछले दो सप्ताह से पानी की आपूर्ति न होने से गुस्साए दमुवाढूंगा के लोगों ने जल संस्थान के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि पिछले दो सप्ताह से दमुवाढूंगा के बुद्ध विहार में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कहा कि नलों में पानी न आने के कारण स्थानीय लोग टैंकरों से पानी खरीद रहे हैं, जो कि अपर्याप्त है।
लोगों की शिकायत है कि पानी न आने की शिकायत जल संस्थान से की गई लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि 1.5 इंच की 20 साल पुरानी पेयजल लाइन होने के कारण पानी आपूर्ति में समस्या आ रही है। लाइन का पुनरुद्धार करने की आवश्यकता है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय श्रीवास्तव ने लोगों को जल्द ही उनकी समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।
