अल्मोड़ा: भू-स्वामियों के विरोध पर सोलर प्लांट हटाया  

Amrit Vichar Network
Published By Shweta Kalakoti
On

राजस्व उपनिरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की भूमि की नापजोख की 

अल्मोड़ा, अमृत विचार। भू-स्वामियों की अनुमति के बिना सोलर प्लांट लगाना एक सोलर कंपनी को महंगा पड़ गया। ग्रामीणों ने मौके पर जाकर प्लांट का विरोध किया और अपनी भूमि की नापजोख करवाई। जिसके बाद सोलर कंपनी को उसकी ओर से किए गए अतिक्रमण को हटाना पड़ा।

कनलबूंगा-पातलीबगड़ में एक सोलर कंपनी ने कुछ दिनों पहले यहां एक प्लांट लगाया। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने उनसे पूछे बिना उनकी जमीन पर सोलर प्लांट लगा दिया। प्लांट के विरोध में ग्रामीण धर्मनिरपेक्ष युवा मंच के संयोजक विनय किरौला के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे और अपना विरोध जताया। काफी विवाद होने के बाद राजस्व उपनिरीक्षक मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की भूमि का नापजोख की। जिसमें कंपनी द्वारा अतिक्रमण करना पाया गया। ग्रामीणों के भारी विरोध के बाद कंपनी के अधिकारियों ने अपनी गलती मानी और यहां किया गया अतिक्रमण बाद में हटा लिया।

धर्मनिरपेक्ष युवा मंच के संयोजक विनय किरौला ने कहा कि पहाड़ में रोजगार की कोई नीति नहीं बनी है। पहाड़ का समाज जंगलो पर निर्भर है। वन एक्ट आने के बाद वनों पर पहाड़ की निर्भरता खत्म हो गयी है। उन्होंने कहा है कि अगर हमें पहाड़ के अस्तित्व को बचाना है। तो ना केवल सशक्त भू-कानून बल्कि जंगलों व नदियों पर भी पहाड़ के लोगों का हक होना चाहिए। किरौला ने कहा है कि बाहरी लोग आकर यहां अतिक्रमण कर रहे हैं। जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

संबंधित समाचार