बरेली: रुके कार्य फिर होंगे शुरू, 39.49 लाख की धनराशि जारी
त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत जारी की गई धनराशि
बरेली, अमृत विचार। सड़क निर्माण के लिए भेजे गए प्रोजेक्ट के लिए अंतिम किश्त के रूप में 39 लाख 49 हजार रुपये जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री की त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत शहर में पांच कार्यों के लिए 114.49 लाख रुपये के प्रोजेक्ट बनाकर भेजे गये थे। शासन ने सभी को मंजूर करते हुए पहली किश्त के रूप में 75 लाख रुपये भेजे थे। अब शेष राशि को भी भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- बरेली: बीएससी की छात्रा के इंस्टाग्राम पर भेजे अश्लील मैसेज, दी जान से मारने की धमकी
त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत बसंत विहार शिव पार्वती मंदिर से सरदार कुलवंत सिंह के घर तक सीसी रोड और नाली निर्माण पर 24.18 लाख के प्रोजेक्ट की पहली राशि 15 लाख रुपये सितंबर में जारी कर दिए गए थे। इस राशि से काम आरंभ हुआ, लेकिन बजट न होने से बंद हो गया था। शेष राशि 9.18 लाख रुपये भी जारी कर दी गई है।
बालाजी धाम कालोनी में रामपाल गंगवार के घर से सचिन कुमार के घर तक सीसी रोड और नाली निर्माण के लिए 3.95 लाख रुपये, इसी कालोनी में अरुण यादव के घर से अनिल कुमार शर्मा के घर तक सीसी रोड और नाली निर्माण के लिए 17.42 लाख रुपये, सम्राट अशोक नगर में नन्हें गिरी के घर से मलखान व महेन्द्र गिरी के घर तक 6.65 लाख और सुरेश शर्मा नगर में गोविंद अग्रवाल के घर से हरीश पटेल व धर्मवीर की डेयरी तक सीसी रोड व नाली निर्माण कार्य के लिए 2.29 लाख रुपये की अंतिम किश्त जारी कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- बरेली: बदायूं रोड पर नगर निगम ने हटाया अतिक्रमण, अतिक्रमणकारियों से हुई झड़प
