हल्द्वानी: शहर और ग्रामीण इलाकों में घंटों रही बिजली गुल
शहर के आधा दर्जन इलाकों में सुबह 10 बजे से ही चली गई बिजली
लोगों को पीने के पानी के लिए करना पड़ा दिक्कतों का सामना
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर समेत ग्रामीण इलाकों में गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर करीब चार से पांच घंटे बिजली गुल रही। बिजली कटौती के चलते कई इलाकों में नलकूप का भी संचालन ठप रहा। इससे लोगों के सामने पेयजल की समस्या बनी रही।
बिठौरिया, मुखानी, कमलुवागांजा, देवलचौड़, कठघरिया, डहरिया, फूलचौड़ हरिपुर नायक, कालीपुर, हल्दूपोखरा दरम्वाल समेत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में करीब चार से पांच घंटे तक बिजली बाधित रही। रोस्टरिंग के चलते सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक बिजली सप्लाई ठप रही।
चार बजे के बाद बिजली आपूर्ति शुरू हुई। सुबह से बिजली गुल होने के कारण कई इलाकों में पेयजल सप्लाई बाधित रही। इसके चलते हजारों लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। घंटों बिजली गुल होने पर लोगों में रोष था। लोगों ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से पूर्व में कोई सूचना नहीं दी गई थी।
देवलचौड़ के कैलाश नेगी ने बताया विभाग की ओर से आए दिन घंटों बिजली गुल कर दी जाती है, जिससे पेयजल की समस्या खड़ी हो जाती है। वहीं बिजली विभाग के एसडीओ नीरज पांडे ने बताया कि रोस्टरिंग के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रही।
