Video : कौन है गौरक्षक मोनू मानेसर? जिसपर लगा जुनैद-नासिर की हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भिवानी। भरतपुर (राजस्थान) से 2 लोगों के अपहरण के बाद गुरुवार को भिवानी (हरियाणा) में उनकी जली हुई बोलेरो कार और उसमें 2 कंकाल मिले। 25-वर्षीय नासिर और 35-वर्षीय जुनैद के परिजनों ने बुधवार को बजरंग दल के लोगों पर अपहरण का केस दर्ज कराया था। बकौल पुलिस, डीएनए से पता चलेगा कि शव उनके हैं या नहीं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भरतपुर निवासी 2-लोगों की अपहरण के बाद भिवानी (हरियाणा) में उनकी जली हुई कार में 2 कंकाल मिलने को निंदनीय घटना बताया है। उन्होंने कहा, "एक आरोपी हिरासत में लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है। राज्य की मंत्री जाहिदा खान ने बताया कि पीड़ित परिवारों को ₹20.5-₹20.5 लाख मुआवज़ा राशि दी जाएगी।

उधर, हरियाणा के भिवानी में दो मुस्लिम व्यक्तियों को जिंदा जलाए जाने के मामले के आरोपी मोनू मानेसर ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है। ये एक सीसीटीवी फुटेज है। मोनू मानेसर का दावा है कि जिस दिन नासिर और जुनैद नाम के युवकों को उन्हीं की बोलेरो में जिंदा जलाया गया, उस रात वो एक होटल में था। मोनू के मुताबिक, ये सीसीटीवी फुटेज उसी वक्त का है। इसमें मोनू होटल में घूमता दिख रहा है।

आरोपी ने ट्वीट में राजस्थान और हरियाणा पुलिस के टैग करते हुए लिखा, गोपालगढ़ थाना क्षेत्र में जो घटना हुई, 14 से 15 की दोपहर तक मैं और मेरे साथी गुरुग्राम के एक निजी होटल में रुके थे। हमारा इस घटना से कोई संबंध नहीं है।

एक अन्य वीडियो में मोनू मानेसर कह रहा है कि इस मामले में उसका और बाकी आरोपियों का कोई हाथ नहीं है। मोनू ने बजरंग दल का भी बचाव करते हुए कहा कि हत्याकांड का हिंदू संगठन से कोई लेना-देना नहीं है। आरोपी ने मामले की जांच में सहयोग करने की बात कही है।

आरोपी मोनू उर्फ मोनू मानेशर ने दावा किया कि 14 फरवरी की रात उसने गुरुग्राम के होटल में एंट्री की थी। फिर 15 फरवरी की सुबह वो होटल से अपने घर कपड़े लेने गया। उसके बाद वापस आ होटल आ गया था। मोनू का कहना है कि 14-15 फरवरी को वो गुरुग्राम के होटल व्हाइट रॉक में था।

गुरुवार, 16 फरवरी को हरियाणा के भिवानी में एक बोलेरो गाड़ी में दो नर कंकाल मिले। बताया गया कि जुनैद और नासिर नाम के दो मुस्लिम युवकों को मारपीट के बाद जिंदा जला दिया गया। जिस बोलेरो में उन्हें जलाया गया वो उन्हीं की थी। मृतक के चचेरे भाई इस्माइल ने बताया है कि दोनों राजस्थान के भरतपुर के पहाड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।

पुलिस ने इस मामले में मोनू मानेसर के अलावा निमूलथान, श्रीकांत निमरोडा, लोकेश और रिंकू सैनी के खिलाफ केस दर्ज किया है। भरतपुर के IG रेंज गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि हत्या क्यों की गई इसका कारण अभी पता नहीं चला है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।गिरफ्तारी के बाद इस बारे में जानकारी साफ होगी।

जगत सिंह, (DSP लोहारू, हरियाणा) ने बताया, हमने धारा-174 के तहत कार्रवाई करके पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया। गाड़ी भी राजस्थान पुलिस ने अपने कब्जे़ में ले लिया है। घटना में कितने लोग शामिल हैं, ये जांच का विषय है, इस बारे में राजस्थान पुलिस ही बता पाएगी।

कौन है मोनू मानेसर?
मोनू उर्फ मोनू मानेसर खुद को गोरक्षक बताता है।  वो गोरक्षा दल का सदस्य है और बजरंग दल से जुड़ा हुआ है। सोशल मीडिया पर उसके काफी ज्यादा फॉलोअर हैं। वो अक्सर विवादों में रहता है। इससे पहले भी मोनू पर गोतस्करी रोकने के नाम पर मुस्लिम युवक की पिटाई करने का आरोप लग चुका है। वारिस नाम के उस व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

ये भी पढ़ें : हरियाणा : जली हुई बोलेरो में दो शव मिलने से हड़कंप, परिवार का बजरंग दल पर हत्या का आरोप, ओवैसी बोले- जुनैद और नासिर को संगठित गिरोह ने मारा

संबंधित समाचार