रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप में अधेड़ ने फांसी लगाकर खुदकुशी की
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप में एक अधेड़ ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को पार्षद मोनू निषाद और पूर्व सभासद दिलीप अधिकारी ने थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस को सूचना दी कि वार्ड दो एल ब्लॉक निवासी 50 वर्षीय भोलानाथ यादव ने फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौका मुआयना किया और मृतक के बेटे अभिषेक यादव से घटना की जानकारी ली।
भोलानाथ सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था। पुलिस को अभिषेक ने बताया कि 16 फरवरी को पिता ने खाना खाया और कमरे में सोने के लिए चले गए। शुक्रवार की सुबह जब वे काफी देकर तक नहीं उठे तो आवाज दी। लेकिन, अंदर से कोई आवाज नहीं आयी। इस बीच आसपास के लोगों की भी वहां भीड़ लग गई।
दरवाजे को धक्का देकर खोलने का प्रयास किया तो वह भी अंदर से बंद था। किसी तरह दरवाजे को खोलकर अंदर गए तो पिता ने फंदे में लटके हुए थे। परिजनों ने किसी तरह शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइट नोट बरामद हुआ है। इसमें अपनी मर्जी से जीवन समाप्त करना लिखा हुआ था। पुलिस ने सुसाइट नोट को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने कमरे की वीडियो एवं फोटोग्राफी भी करवाई।
