हल्द्वानी: देर शाम तक शिवालयों में लगा रहा शिव भक्तों का तांता
हल्द्वानी, अमृत विचार। महाशिवरात्रि पर्व पर शहर से गांव तक शिवालयों में बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने बम-बम भोले के जयनाद के साथ जलाभिषेक किया। इस दौरान शिव भक्तों ने भगवान शिव को बेलपत्र के साथ दूध, शहद, हल्दी आदि पवित्र सामग्रियां अर्पित कर जल का अभिषेक किया। शिवरात्रि पर्व पर जगह-जगह मंदिरों को सजाया गया था। ब्रह्ममुहूर्त से ही शिवालयों में घंटे-घड़ियाल बजने लगे थे।
इसके बाद दिन भर भक्तों का तांता लगा रहा। शिवालयों में 'ऊं नम: शिवाय' मंत्र के स्वर गुंजायमान रहे। हल्द्वानी के गौलापार के कुंवरपुर से महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में कलाश यात्रा निकाली, इसके अलावा कालीचौड़, कालूसिद्ध, पिपलेश्वर, पंचेश्वर, नंदेश्वर, बृज विहार, बेलबाबा, सत्यनारायण मंदिर, सिद्धेश्वर, शीतलाहाट, लटूरिया बाबा, नवाबी रोड, शीशमहल, दमुवाढूंगा के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। इस मौके पर भक्तों की ओर से जगह-जगह भंड़ारे का आयोजन किया गया वहीं कालीचौड़ मंदिर में पुलिस की ओर से व्यवस्था लचर नजर आई यहां दोपहिया और चौपहियों वाहनों की वजह से लगातार जाम लगता रहा, जिसके चलते पैदल चलने वाले भक्तों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
