चंपावत: गोरलचौड़ में जाम रोकने को बिछाए जाएंगे ह्यूम पाइप
देवेन्द्र चन्द देवा, चम्पावत, अमृत विचार। जनपद चम्पावत के गोरलचौड़ रोड में 400 मीटर हिस्से में ह्यूम पाइप बिछाए जाएंगे। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने 1.08 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है। ह्यूम पाइप बिछाए जाने से संकरी सड़क में लगने वाले जाम से निजात मिल सकेगी।
गोरलचौड़ सड़क में आपदा न्यूनीकरण मद से करीब दो साल पूर्व 10 लाख रुपये से 30 मीटर हिस्से में सड़क के दोनों ओर ह्यूम पाइप बिछाए गए थे। इस दौरान टीआरसी और पशु अस्पताल के समीप दीवार निर्माण भी किया गया था। इसके आगे के हिस्से में ह्यूम पाइप बिछाए जाने का कार्य तब से अधूरा पड़ा हुआ है।
एक साल पूर्व लोक निर्माण विभाग ने सड़क के दोनों ओर 400 मीटर हिस्से में 70 लाख रुपये से ह्यूम पाइप बिछाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इसके बाद अब विभाग ने एस्टीमेट में संशोधित कर 1.08 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है। योजना के तहत हाइड्रिल गेट तक सड़क के दोनों ओर 400 मीटर हिस्से में नालियों में ह्यूम पाइप बिछाए जाएंगे। ह्यूम पाइप बिछाए जाने से जाम से तो निजात मिलेगी ही, साथ ही दुर्घटना का खतरा भी कम हो जाएगा।
सीएम कैंप कार्यालय समेत कई विभागों के ऑफिस हैं इस सड़क पर
गोरलचौड़ सड़क शहर की व्यस्ततम सड़क है। इस सड़क का उपयोग मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, ऊर्जा निगम, सैनिक कल्याण, खेल विभाग, होमगार्ड, पशुपालन, नगर पालिका, लोनिवि, एफसीआई गोदाम आदि कार्यालय के कर्मचारी करते हैं। इसके अलावा यहां से माडर्न स्कूल, केंद्रीय प्राथमिक, विद्यामंदिर, पॉलीटेक्निक आदि के छात्र-छात्राएं आवाजाही करते हैं।
गोरलचौड़ मार्ग में 400 मीटर हिस्से में ह्यूम पाइप बिछाने की योजना है। इसके लिए 1.08 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-बीसी पंत, अधिशासी अभियंता, लोनिवि।
