रुद्रपुर: एटीएम छीन 20948 रुपये निकालने के दो आरोपी दबोचे, एक फरार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद किया मोबाइल और 14500रुपये की नगदी
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप की आवास विकास पुलिस ने विगत दिनों मोबाइल छीनकर एटीएम के जरिए नेट बैंकिग कर हजारों रुपये निकालने के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने चोरी के मोबाइल व नगदी को बरामद कर लिया है।
शनिवार को थाना ट्रांजिट कैंप प्रभारी सुंदरम शर्मा और आवास विकास चौकी प्रभारी नीमा बोहरा ने बताया कि 16 फरवरी को विक्की सागर निवासी जगतपुरा ने तहरीर देकर बताया कि 15 फरवरी की रात्रि डेढ़ बजे के करीब वह ड्यूटी से वापस लौट रहा था। अचानक स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसका महंगा मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए।
मोबाइल के पीछे कवर में उसका एटीएम कार्ड भी रखा हुआ था। पुलिस ने तहरीर के बाद मुकदमा दर्ज कर घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेजों को खंगाला तो आरोपियों की पहचान रवि प्रकाश ठाकुर निवासी आनंद बिहार थाना ट्रांजिटकैंप, संदीप कुमार उर्फ सैंडी निवासी एच ब्लॉक ट्रांजिट कैंप और आकाश यादव निवासी आनं द बिहार ट्रांजिट कैंप के नाम से हुई।
पुलिस ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर आरोपी रवि प्रकाश ठाकुर और संदीप कुमार उर्फ सैंडी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि आकाश यादव अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस का कहना था कि मोबाइल झपट्टामार मामले में चौकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने मोबाइल छीनने के बाद उसका कवर खोला तो एटीएम कार्ड देखकर शातिराना अंदाज में एटीएम कार्ड से नेट बैंकिग कर 20948 रुपये निकाल लिए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चुराया गया मोबाइल और 14500 रुपये की नगदी बरामद की। थाना ट्रांजिट कैंप प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपि यों को जेल भेज दिया गया है।
