रुद्रपुर: मटर से भरा कैंटर पलटा, राहगीरों में मचा हड़कंप
राहगीर चपेट में आने से बचे, बड़ा हादसा होते-होते बचा
चालक और हेल्पर भी कैंटर में काफी समय तक फंसे रहे, कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने निकाला बाहर
रुद्रपुर, अमृत विचार। शनिवार की सुबह उस वक्त काशीपुर-किच्छा हाईवे पर अफरातफरी मच गई जब मटर से भरा एक कैंटर अचानक भरभरा कर हाईवे पर पलट गया। जिसके चलते कई राहगीर कैंटर की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए और एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
कैंटर पलटने से चालक और हेल्पर भी ट्रक में फंस गए। इसके बाद कई घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम को खुलवाया और कैंटर को सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया। जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह साढ़े 7 बजे के करीब कैंटरओवरलोड मटर को लेकर इंदिरा चौक काशीपुर-किच्छा हाईवे से रामपुर हाईवे की ओर मोड़ रहा था।
तेज गति होने के कारण कैंटर अनियंत्रित व ओवरलोड़ होने के कारण हाईवे पर अचानक पलट गया। जिससे हाईवे पर भगदड़ मच गई। वहीं कई राहगीर कैंटर की चपेट में आने से बच गए। हादसे के दौरान कैंटर पलटने से चालक और हेल्पर भी ट्रक में फंस गए। सूचना मिलने ही एसएसआई कमाल हसन पुलिस कार्मिकों के साथ मौके पर पहुंचे और कैंटर में फंसे चालक परिचालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
जहां चालक व हेल्पर को मामूली चोटें आयी है। गनीमत यह रही कि जिस वक्त य ह हादसा हुआ था। उस समय इंदिरा चौक पर ज्यादा भीड़भाड़ नहीं थी। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने कैंटर को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करवाकर मटर को दूसरे कैंटर में लादकर मंडी को भेज दिया है।
