किच्छा: प्रतिबंधित पशु के मांस के साथ दो दबोचे, दो फरार
किच्छा, अमृत विचार। पुलिस ने गोकशी कर प्रतिबंधित मांस बेच रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। जबकि दो आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने मौके से गौ वंशीय पशु का कटा हुआ सिर, खाल तथा प्रतिबंधित मांस सहित मांस काटने के औजार बरामद कर कब्जे में ले लिए।
एसआई राजेंद्र पंत ने मुखबिर की सूचना पर टीम के साथ औचक छापामार कार्यवाही कर दो तस्करों को पकड़ लिया। जबकि दो तस्कर भागने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम पता वार्ड नंबर 6, गदरपुर तथा वर्तमान में ईदगाह वार्ड किच्छा निवासी तस्लीम पुत्र वली मोहम्मद तथा ग्राम रजपुरा, थाना किच्छा निवासी अमजद पुत्र अब्दुल रहीम बताया।
पकड़े गए आरोपियों के अनुसार मौके से फरार हुए आरोपी कब्रिस्तान मोहल्ला ईदगाह के पास, किच्छा निवासी सलीम पुत्र मोहम्मद तथा कब्रिस्तान के निकट, वार्ड 11, किच्छा निवासी सद्दाम पुत्र अब्दुल हमीद थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पशु की हत्या करने के बाद कुछ मांस रुद्रपुर भेज दिया था जबकि बचे हुए मांस को स्थानीय लोगों को बेचा जा रहा था।
पुलिस की सूचना पर पशु चिकित्सक डॉ. मृगेश चौधरी ने बरामद मांस का निरीक्षण करने के बाद प्रथम दृष्टया मांस को गो वंशीय पशु का बताया। डॉ. चौधरी ने बरामद मांस का सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
