गिरजाघरों पर हमले के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर पर एकत्र होकर ईसाइयों ने विरोध प्रदर्शन किया 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। देश के विभिन्न हिस्सों में गिरजाघरों पर कथित हमले, हिंसा और गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर पर एकत्र होकर ईसाई समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश से आये स्टीवन ने कहा, हमें लोगों को जबरन ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर करने का आरोपी बनाया जा रहा है।

गिरजाघरों पर हमले किये जा रहे हैं, हमारे लोगों की पिटाई करके उन्हें गिरफ्तार किया गया। समुदाय के लोग लगातार डर के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि देशभर में समुदाय के सदस्यों के खिलाफ वर्ष 2021 में उत्पीड़न के 525 मामले सामने आए जो बढ़कर 2022 में 600 हो गये।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में ये मामले वर्ष 2020 में 70 थे जो बढ़कर वर्ष 2022 में 183 हो गये। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर निवासी शिवपाल ने आरोप लगाया कि राज्य पुलिस लोगों को जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में गिरफ्तार कर रही है।

दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके से आईं पूनम ने कहा, छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में गिरजाघरों पर हमले किये जा रहे हैं और हमारे समुदाय का उत्पीड़न किया जा रहा है। झूठे आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ मामले दर्ज किये जा रहे हैं। हम यहां अपने भाइयों-बहनों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए एकत्र हुए हैं।

ये भी पढ़ें : एसटीएफ ने दो अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को किया गिरफ्तार 

संबंधित समाचार