काशीपुर: बेजुबान पर दिखाया गुस्सा, एक को मारी गोली तो दुसरे को कार से रौंदा
काशीपुर, अमृत विचार। एक व्यक्ति ने पालतू नर कुत्ते को गोली मार दी, जबकि मादा कुत्ते पर अपनी गाड़ी चढ़ा दी। जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कुत्तों के मालिक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम पिस्तोरा निवासी बूटा सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह उनके दो पालतू कुत्ते घर के बाहर टहल रहे थे। उनका आरोप है कि जितेंद्र नाम का व्यक्ति अपनी कार से उनके घर आया और उनके एक कुत्ते को बेवजह गोली मार दी।
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और दूसरे मादा कुत्ते पर गाड़ी चढ़ा दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर उनका बेटा बाहर आया तो वह व्यक्ति उसे देखकर वहां से भाग गया। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना कुंडा प्रभारी दिनेश फर्त्याल ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। उधर, बताया जा रहा है कि आरोपी की बच्ची सुबह ट्यूशन के लिए जा रही थी, तो कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया और उनसे बचकर भागते समय उसे चोट लग गई। जिससे बौखलाए पिता ने आवेश में आकर इस घटना को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
