Kainchi Dham: चार सौ वाहनों की पार्किंग का रास्ता साफ
45 नाली भूमि पर्यटन विभाग को हस्तांतरित, 60 करोड़ का प्रोजेक्ट
पार्किंग के साथ मेडिटेशन सेंटर, होटल और रेस्टोरेंट बनाने की तैयारी
भवाली, अमृत विचार। कैंची धाम जाने वाले भक्तों को अब पार्किंग की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। पार्किंग के साथ ही भक्तों और पर्यटकों के लिए जिला प्रशासन मेडिटेशन सेंटर, होटल और रेस्टोरेंट के साथ अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने जा रहा है। इस कार्य के लिए बाधा बनी जमीन का रास्ता साफ हो गया है। 60 करोड़ के प्रोजेक्ट के लिए 45 नाली भूमि पर्यटन विभाग को हस्तांतरित कर दी गई है।
कैंची धाम के लिए 60 करोड़ की विकास योजना का प्रस्ताव है। जिसके तहत यहां 400 वाहनों की पार्किंग के साथ ही कांप्लेक्स का भी निर्माण किया जाना है। जिला प्रशासन ने इसे कुमाऊं के आध्यात्मिक आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है।
मंदिर के आसपास के क्षेत्र में पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य सुविधाएं बढ़ाकर इसे चार धाम की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। इसके लिए करीब 60 करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। इस योजना के लिए जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भूमि का अधिग्रहण कर लिया है।
ग्राम प्रधान पंकज निगलटिया ने बताया कि प्रशासन व स्थानीय लोगो के बीच सही सामंजस्य होने कारण शांतिपूर्ण तरह से कब्जा, पर्यटन विभाग को दिया गया। जिसमें पर्यटन विकास के लिए पार्किंग व अन्य कार्यो को किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुसार जल्द कार्य पूरे किए जाएंगे।
