हल्द्वानी: जल संस्थान नहीं कर पा रहा है शहरवासियों को पर्याप्त पानी की आपूर्ति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

12 मीट्रिक लीटर प्रतिदिन से अधिक पानी की अतिरिक्त मांग

पिछले वित्तीय वर्ष में ट्यूबवेल रिपेयरिंग में किया गया 1.13 करोड़ रुपए खर्च ट्यूबवेल खराब होने के कारण प्रतिदिन 1.40 लाख लीटर पानी विभागीय टैंकरों से होता है सप्लाई

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में इस समय  87 ट्यूबवेल और 40 ओवरहेड टैंक हैं। जिसमें 32 मीट्रिक लीटर पानी की आपूर्ति प्रतिदिन ट्यूबवेल और डायरेक्ट सप्लाई से होती है और 40 मीट्रिक लीटर पानी की आपूर्ति गौला नदी के फिल्टर प्लांट से होती है।

जल संस्थान के सहायक अभियंता रविन्द्र सिंह ने बताया कि वर्तमान में शहर में कुल 72 मीट्रिक लीटर पानी की आपूर्ति हो रही है जबकि सभी लोगों की प्यास बुझाने के लिए 82 मीट्रिक लीटर से अधिक पानी की आवश्यकता है।

सहायक अभियंता रविंद्र ने बताया कि ट्यूबवेल फूंकने की स्थिति में पानी की आपूर्ति पूरी करने के लिए औसतन 8 विभागीय टैंकों से प्रतिदिन पानी सप्लाई किया जाता है। और प्रत्येक टैंकर प्रतिदिन पांच राउंड लगाता है। एक टैंक की क्षमता 3.5 हजार लीटर है। इस औसत से देखा जाए तो प्रतिदिन 1.40 लाख लीटर पानी केवल टैंकरों से सप्लाई होता है और पूरे साल में औसतन 5.11 करोड़ लीटर पानी सप्लाई होता है।

गर्मियों का सीजन शुरू होने वाला है जिससे ओवरलोड के कारण वोल्टेज में उतार चढ़ाव होने से अधिक ट्यूबवेल फूंकते  हैं और लोगों को पानी की समस्या से दो चार होना पड़ता है। पिछले वर्ष के आंकड़ों पर गौर करें तो जनवरी 2022- दिसंबर 2023 तक 73 ट्यूबवेल खराब हुए जिन पर कुल खर्च 1.13 करोड़ रुपया हुआ।

जिसमें 29 लाख से अधिक पाइप निकालने और डालने में जबकि 83 लाख से अधिक मोटर रिपेयरिंग में खर्च किया गया है। जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी आरएस विश्वकर्मा ने बताया कि पानी की समस्या को दूर करने के लिए जल जीवन मिशन योजना के तहत शहर में 13 ओवरहेड टैंक और 10 ट्यूबवेल बनाए जाने हैं।

 

संबंधित समाचार