काशीपुर: श्रमिक की मौत के मामले में कोर्ट ने दिए रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश
काशीपुर, अमृत विचार। श्रमिक की मौत के मामले में कोर्ट ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं। मामले में श्रमिक की पत्नी ने अधिवक्ता अमित रस्तोगी के माध्यम से कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी।
अधिवक्ता अमित रस्तोगी ने बताया कि पीड़िता दुर्गावती ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति जगदीश कुमार श्रमिक का कार्य करते थे। 27 जुलाई 2022 को वह अपने घर पर बैठे थे। तभी गोपीपुरा निवासी एक व्यक्ति आया और खेत पर काम करने के लिए बुलाकर ले गया।
इस दौरान उनके पति ने पिछले बकाया 15 हजार रुपये की शेष मजदूरी और वर्तमान मजदूरी मांगी। जो उसने देने का आश्वासन दिया। दोपहर बाद एक अन्य व्यक्ति उनके घर आया और कहने लगा उसका पति उससे लड़ रहा है, जिसके बाद पीड़िता अपनी बेटी को लेकर खेत पर पहुंची तो आरोपी उसके पति को रेलवे लाइन की ओर लेकर जा रहे थे। उसे देख दोनों वहां से भाग गये। उसने पास जाकर देखा तो उसका पति मरा पड़ा था। मामले में पुलिस से शिकायत की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं होने के बाद पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट ने मामले में पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आदेश दिए है।
