रुद्रपुर: न्याय दिलाने को लेकर ठगी पीड़ित परिवारों ने निकाला जुलूस
डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन, मांगों का जल्द निराकरण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
रुद्रपुर, अमृत विचार। धोखाधड़ी एवं ठगी के पीड़ितों ने न्याय नहीं मिलने पर जुलूस निकाला और ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार के बैनर तले डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर आक्रोश जताया।
उन्होंने डीएम को संबोधित ज्ञापन देकर मिलने वाली आर्थिक सहायता दिलाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आगाह किया कि यदि उनकी मांगों पर गौर नहीं किया तो पीड़ितों को आंदोलन का रास्ता आख्तियार करना पड़ेगा।
गुरुवार को कलक्ट्रेट पहुंचे पीड़ित परिवारों का कहना था कि भारत में हजारों ठग कंपनीज एवं सोसाइटी की चपेट में आकर लाखों लोगों ने आत्महत्या कर ली है। लाखों मानसिक अवसाद से गुजर रहे हैं। देश में लगभग 42 करोड़ परिवारों को योजनाबद्ध तरीके से ठगा जा चुका है।
राज्य एवं केंद्रीय अधिनियमों का उल्लंघन कर जनता को लुटा जा रहा है। उन्होंने डीएम से कहा कि जिले में संबंधित एक्ट व राज्य के पीआईडी एक्ट 2005 का पालन करते हुए नियुक्त सक्षम अधिकारी, सहायक सक्षम अधिकारी व विशेष न्यायालय पद पटिका उनके कार्यालयों में प्रदर्शित किया जाए।
ताकि पीड़ित वहां अपनी गुहार लगा सकें। उन्होंने डीएम से ठग पीड़ितों को राहत, मुआवजा एवं आर्थिक सहायता दिलवाने की भी मांग की। आगाह किया कि उनकी मांगों पर जल्द गौर नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
