रुद्रपुर: अंतरराज्यीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, दो गिरफ्तार, 13 बाइकें हुईं बरामद
रुद्रपुर, अमृत विचार। दिनेशपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 13 चोरी की बाइकों को भी बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद बाइकों को जंगलों में छिपा देते थे और मौका पाकर सीमावर्ती इलाकों में औने-पौने दामों में बेच देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी और एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि थाना दिनेशपुर में 21 फरवरी को मिंटू निवासी ग्राम ताजपुर लाखन थाना सैफनी रामपुर और संजीत हलदार निवासी पिपलिया एक ने बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। थाना प्रभारी अनिल उपाध्याय के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
बुधवार को पुलिस की सुरागरसी और पतारसी के चलते पुलिस टीम ने अमित गुप्ता निवासी गूलरभोज मोड ब्लॉक के सामने और सुनील मौर्या निवासी सुख शांति नगर गदरपुर को रामबाग शिव मंदिर पुलिस के समीप से गिरफ्तार किया। इस दौरान आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की बाइक भी बरामद की। जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने शिव मंदिर भाखड़ा नदी किनारे यूकेलिप्टिस के पेड़ों के बीच छिपाकर रखी गई 12 बाइकों को बरामद कर लिया। एसएसपी ने दिनेशपुर पुलिस को 2500 रुपये इनाम देने की घोषणा भी की।
अमित गुप्ता पर हैं वर्ष 2017 से छह मुकदमे दर्ज
रुद्रपुर। दिनेशपुर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अंतरराज्यीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह के सक्रिय सदस्य अमित गुप्ता का यह कोई पहला मामला नहीं है। आरोपी एक शातिर एवं आदतन आरोपी है। पुलिस द्वारा निकाली गई कुंडली के अनुसार आरोपी पर वर्ष 2 017 से लेकर वर्ष 2021 तक बाइक चोरी के छह मामले दर्ज हैं।
आरोपी सुनील मौर्या पर दर्ज हैं चोरी के 11 मुकदमे
रुद्रपुर। अंतरराज्यीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह के पकड़े गए सदस्यों पर दर्ज मुकदमे इस बात का प्रमाण हैं कि आरोपी कितने शातिर हैं। पकड़े गए दूसरे आरोपी सुनील मौर्या पर वर्ष 2013 से लेकर वर्ष 2021 तक तेरह मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें बाइक चोरी, आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट के मुकदमे शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस यूपी पुलिस से संपर्क कर रही है। पकड़े गए आरोपियों के अपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।
