शक्तिफार्म: बसघर में 32 लाख की लागत से पशु सेवा केंद्र बनेगा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पशुपालन मंत्री बहुगुणा ने किया शिलान्यास

राष्ट्रीय पशुधन मिशन के अंतर्गत जागरूकता शिविर लगाया

शक्तिफार्म, अमृत विचार। विभाग एवं उत्तराखंड पशुधन विकास बोर्ड द्वारा राज्य स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों पशुपालकों ने प्रतिभाग किया। पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बसघर क्षेत्र में 32 लाख रुपए की लागत से बनाने वाले पशु सेवा केंद्र का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पशु सेवा केंद्र के निर्माण से बसघर व इसके आसपास के सभी गांव को प्राथमिक पशु चिकित्सा, कृत्रिम गर्भधान एवं अन्य विभागीय योजनाओं का समुचित लाभ मिल सकेगा। 


गुरुवार को देवनगर में आयोजित राज्य स्तरीय जागरुकता शिविर का उद्घाटन केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। इस दौरान कृत्रिम गर्भाधान सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए 11 जनपदों में बायफ के एकीकृत पशुधन विकास केंद्रों का बटन दबाकर उद्घाटन किया तथा बायफ कार्यकर्ताओं को आवंटित मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार की सहायता से एनएलएम योजना एवं पशु स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण योजना के अंतर्गत 60 मोबाइल वेटरनरी यूनिट (वैन) के माध्यम से पशुपालकों के द्वार पर पशु चिकित्सा टीकाकरण एवं रोग प्रशिक्षण आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।वहीं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण आर्थिक विकास होगा। जिससे पलायन में कमी आएगी। 


एनएलएम योजना के अंतर्गत 7 उद्यमियों को मिले 669.85 लाख 

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सरकार ने एनएलएम योजना के अंतर्गत 7 उद्यमियों को 669.85 लाख रुपये स्वीकृत किए है। जिसमें 243 लाख अनुदान राशि है। इस योजना में पशुधन बीमा के लिए 13 करोड़ की धनराशि अवमुक्त है।

जिसमें किच्छा के अहमद हुसैन को बकरी पालन के लिए 110 लाख, नानकमत्ता के राजेश जोशी को मुर्गी पालन के लिए 57.5 लाख, चमोली के वीरेंद्र सिंह को कुक्कुट पालन के लिए 16 लाख, शक्तिफार्म के योगेंद्र सिंह रावत को शुकर पालन के लिए 131 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने सभी पशुपालकों से योजनांतर्गत पशुओं का बीमा कराने का आह्वान किया ताकि पशुधन हानि से बचा जा सके।  

 

संबंधित समाचार