हल्द्वानी: ग्लोबल फर्नीचर के मालिक को Quick Response Code भेज कर हजारों ठगे
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर के एक बड़े व्यापारी से जालसाज ने आर्मी अफसर बनकर हजारों रुपए की ठगी कर ली। जालसाज ने पहले माल का ऑर्डर दिया, फिर अकाउंट नंबर लिया और फिर क्यू आर कोड भेजकर उसके खाते से हजारों की रकम पल भर में उड़ा दी। पीड़ित ने मामले में पुलिस को तहरीर सौंपी है।
राजेंद्र कुमार की बरेली रोड पर ग्लोबल फर्नीचर के नाम से व्यापार है। राजेंद्र ने बताया कि उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया था, जिसने खुद को आर्मी कैंट का अधिकारी बताया और कहा कि आर्मी कैंट में दो अलमारी और दो कुर्सियों की जरूरत है। जिसके बाद जालसाज ने राजेंद्र से कुर्सी, मेज का बजट पूछा और कहाकि वह आर्मी कैंट में डिलीवरी करा दें और वहीं पर पेमेंट करा देंगे।
जिसके बाद राजेंद्र ने माल डिलीवरी करा दिया। आर्मी कैंट गेट पर राजेंद्र ने फोन किया और जालसाज ने राजेंद्र का अकाउंट नंबर मांगा। फिर फोन कर पैसे न जाने की बात कही और राजेंद्र को एक क्यू आर कोड भेज कर एक रुपए डालने को कहा। राजेंद्र के एक रुपए डालते ही उनके खाते से तीन बार में 52 हजार रुपए कट गए। जिसके बाद वह आनन-फानन में बैंक भागे और खाता ब्लॉक कराया।
