Unnao News : हाईस्कूल की परीक्षा देते पकड़ा गया मुन्नाभाई, छोटे भाई की जगह बड़ा भाई पहुंचा केंद्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में मुन्नाभाई पकड़ा गया।

उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में छोटे भाई की जगह बड़ा भाई मुन्नाभाई बनकर परीक्षा देने पहुंच गया। इस पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट ने उसे पकड़ लिया।

उन्नाव, अमृत विचार। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के एक कालेज में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल की परीक्षा में एक युवक अपने छोटे भाई की जगह चित्रकला की परीक्षा देने पहुंच गया। जिसे स्टैटिक मजिस्ट्रेट ने पकड़ लिया। आधार कार्ड से मिलान करने पर उसकी पोल खुली। केंद्र व्यवस्थापक की सूचना पर पुलिस युवक को कोतवाली लाई। जहां तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद निकट शकुंतला देवी काशीराम विद्यालय में शनिवार सुबह पाली में हाईस्कूल के छात्रों की चित्रकला की परीक्षा चल रही थी। इसी क्षेत्र के आरआरडीएस कालेज के हाईस्कूल के छात्र मुकीम का यहां सेंटर है। शनिवार पहली पाली में उसकी चित्रकला की परीक्षा थी। परीक्षा शुरू होने के करीबन आधा घंटे बाद स्टैटिक मजिस्ट्रेट रामलखन टीम के साथ कक्षों में तलाशी लेने पहुंचे।

चेकिंग के दौरान मुकीम की जगह उसका बड़ा भाई शेरपुर कला गांव निवासी शादाब परीक्षा देता मिला। शादाब बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। शंका होने पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट ने प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड से फोटो का मिलान कराया तो उसकी पोल खुल गयी। उसने भाई की जगह परीक्षा देने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि मुकीम को आर्ट बनानी नहीं आती है इसीलिए वह उसकी जगह परीक्षा देने चला आया था।

दोनों की चेहरे में भी खास अंतर न होने के चलते उसे गेट से लेकर परीक्षा कक्ष तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं हुई। स्टैटिक मजिस्ट्रेट ने जैसे ही यह जानकारी उच्चाधिकारियों को दी तो हड़कंप मच गया। परीक्षा केंद्र पहुंची पुलिस आरोपी को कोतवाली ले आयी। केंद्र व्यवस्थापक वर्षारानी मिश्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

संबंधित समाचार