वाराणसी: गंगा महासभा ने किया फोरलेन सड़क का विरोध, स्वामी जितेंद्रानंद बोले- काशी का होगा विनाश
वाराणसी, अमृत विचार। गंगा नदी के किनारे बनाये जाने वाले प्रस्तावित फोरलेन सड़क का गंगा महासभा व अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि गंगा पार फोरलेन सड़क से काशी में विनाश होगा। इसके बनने से घाटों का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।
मीडिया से बात करते हुए स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि केदारनाथ हादसे के बाद भी हम प्रकृति को लेकर जागरूक नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि काशी में भी घाट खोखले हो रहे हैं। सत्ता और सरकार से लड़कर प्रकृति और संस्कृति के लिए कुछ नहीं हो सकता। इसके लिए हमें सामाजिक जनजागरण करना होगा।
स्वामी जितेंद्रानंद ने कहा कि तीर्थाटन और पर्यटन दोनों अलग-अलग शब्द हैं। दोनों के अर्थ भी अलग हैं। उन्होंने सरकार से इसे अलग-अलग करने की मांग की। उन्होंने कहा कि गंगा की गोद में जब क्रूज चलेंगे तो तीर्थों की मर्यादा नहीं बचेगी। स्वामी ने कहा कि इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अवगत कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें - लखनऊ: मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का हुआ आयोजन, टीकाकरण सहित कई कार्यक्रमों की दी गई जानकारी
