काशीपुर: वंदना की मौत के मामले में पति समेत ससुरालियों पर रिपोर्ट
काशीपुर, अमृत विचार। वंदना की मौत के मामले में पुलिस ने पति सहित ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मृतका की मां कविनगर काशीपुर निवासी मुन्नी देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वंदना की शादी वर्ष 2018 में हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद वंदना का पति व ससुराली कम दहेज का ताना देकर उसे प्रताड़ित करते थे और कार व मकान की मांग करते थे। जिसको लेकर उन्हें कई बार समझाया भी गया। बताया कि बीते शनिवार की शाम वंदना के पति भूपेंद्र ने फोन कर वंदना की मृत्यु की सूचना दी।
जिसके बाद वह घर पहुंचे, तो वहां वंदना के गले पर निशान थे और सिर में चोट थी, जिससे खून बह रहा था। उन्होंने अपनी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वंदना की मौत हेड इंजरी और हैंगिंग से होने की पुष्टि हुई थी। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
