अयोध्या: हनुमानगढ़ी के साधु का मकान, किराएदार ने कराया अपने नाम, पुलिस ने दर्ज किया मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी अयोध्या में धोखाधड़ी कर किराएदार की ओर से मकान का बैनामा अपने नाम दर्ज कराए जाने का मामला प्रकाश में आया है। मामला प्रकाश में आने के बाद हनुमानगढ़ी के साधु ने किराएदार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई शिकायत में अयोध्या कोतवाली के मोहल्ला लक्ष्मणघाट अड़गड़ा चौराहा निवासी सियाराम दास चेला स्व. मंगल दास का कहना है कि उनके मकान के एक कमरे में वीरेंद्र कुमार निवासी ग्राम बढैया कला भवानीपुर जिला बहराइच किराएदार के रूप में रहता है। उसे हनुमानगढ़ी पर पुजारपना मिला तो वह मंदिर में ही व्यस्त रहने लगा। 

20 जुलाई 2022 को अपने भवन का टैक्स जमा करने नगर निगम कार्यालय पहुंचा तो पता चला कि मकान का बैनामा किराएदार वीरेंद्र कुमार के नाम हो चुका है। छानबीन की तो पता चला कि किराएदार ने उसकी जगह किसी और को खड़ाकर धोखाधड़ी से यह कृत्य अंजाम दिया है। 

कार्रवाई के लिए पूर्व में भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्री, जिलाधिकारी आदि को शिकायत दे चुका है। सीओ अयोध्या एसके गौतम ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने साधु के प्रार्थना पत्र पर उसके किराएदार वीरेंद्र कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पूरे मामले की विवेचना कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: पहली बीवी ने हड़प लिया मकान और बैंक-बैलेंस, अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार