हल्द्वानी: मियाद खत्म, बलपूर्वक होगी बेदखली, सुशीला तिवारी अस्पताल में सबसे महंगे मेडिकल स्टोर का मामला
हल्द्वानी,अमृत विचार। डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल में सबसे महंगे मेडिकल स्टोर को खाली करने की मियाद मंगलवार 28 फरवरी को पूरी हो गई है। लेकिन स्टोर स्वामी ने अभी तक दुकान को खाली नहीं किया है। मामले में सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बलपूर्वक बेदखली कराने की बात कही है।
एसटीएच के मुख्य गेट के समीप वास फार्मेसी नाम से मेडिकल स्टोर है। बताया जाता है कि स्टोर स्वामी ने कोरोना काल से दुकान का किराया जमा नहीं कराया है। उस पर लगभग 18 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। दुकान को लेकर स्टोर स्वामी और मेडिकल कॉलेज के बीच हुआ अनुबंध भी तीन साल पहले समाप्त हो चुका है। लेकिन स्टोर स्वामी ने अभी तक दुकान पर कब्जा जमाया हुआ है।
इस मामले में जनवरी माह में सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह की कोर्ट सुनवाई हुई, जिस पर उन्हें 31 जनवरी को स्टोर स्वामी को नोटिस जारी करते हुए एक महीने में दुकान खाली करने को कहा था। नोटिस में दी गई अवधि 28 फरवरी को पूरी हो गई है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि जल्द ही मामले में मजिस्ट्रेट नियुक्त कर स्टोर स्वामी को बलपूर्वक बेदखल किया जायेगा।
