हल्द्वानी: इस बार लोगों को झुलसायेगी गर्मी, 45 डिग्री पहुंचेगा पारा!
दो दिन छाए रहेंगे बादल, कहीं-कहीं बूंदा-बांदी होने की संभावना
हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम के मिजाज में अभी कुछ दिन और उतार-चढ़ाव रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो आने वाले एक-दो दिन में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इससे पहाड़ी और मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बूंदा-बांदी होने की संभावना हे।
पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में हल्का बदलाव आ सकता है। इससे कहीं-कहीं एक मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि दो दिनों में मौसम की स्थिति सामान्य रहेगी। पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 30 से 32 तथा मैदानी इलाकों में 35 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।
डॉ. आरके सिंह ने बताया कि बारिश न होने के कारण इस बार भीषण गर्मी रहेगी। अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। बताया कि फिलहाल पांच दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा।
फसलों की पैदावार में आयेगी कमी
मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि इस बार फसलों की पैदावार में लगभग 10 से 15 प्रतिशत तक की कमी आयेगी। इसका कारण बारिश का न होना है। फसलें जल्द पकने लगेंगी, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

