Kanpur Dehat: दुल्हन के शादीशुदा होने पर सिपाही की लौटी बारात, मैरिज लॉन में प्रेमी को बुलाया, फिर हुआ ये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में दुल्हन शादीशुदा निकलने पर सिपाही की लौटी बारात।

कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित मैरिज लॉन में दुल्हन के शादीशुदा निकलने पर सिपाही की बारात लौट गई। इस पर प्रेमिका ने लखनऊ से प्रेमी को बुलाकर मैरिज लॉन में शादी कराई।

कानपुर देहात, अमृत विचार। अकबरपुर स्थित मैरिज लॉन में सिपाही दूल्हे की बारात पहुंचने के दौरान पता चला कि दुल्हन की पूर्व में प्रेमी से कोर्ट मैरिज हो चुकी है। जिससे हड़कंप मच गया। विवाद के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में प्रेमी को लखनऊ से बुलाकर दुल्हन के फेरे करा विदा कराया गया।
 
अकबरपुर कस्बा के शंकर दयाल नगर निवासी एक युवती की शादी कानपुर नगर के चैबेपुर के बनसठी गांव निवासी पुलिस कांस्टेबल के साथ तय हुई थी। निर्धारित तारीख पर सोमवार को दूल्हा बारातियों व बैंड-बाजे के साथ बारात लेकर अकबरपुर के बाढ़ापुर स्थित मैरिज लॉन पहुंच गया। द्वारचार के बाद विवाह की रस्में चल रही थी। तभी दुल्हन के पिता को चला किया बेटी लखनऊ के विकास नगर में रहने वाले प्रेमी के साथ पूर्व में ही कोर्ट मैरिज कर चुकी है, लेकिन उन्होंने यह बात छिपाए रखी थी।
 
बारात आने के बाद दुल्हन के पिता ने दूल्हे व उसके पिता को बताई। जिसके बाद विवाद शुरू हो गया और मारपीट की नौबत तक पहुंच गई। तभी किसी ने सूचना डायल 112 पुलिस को दे दी। जिसपर अकबरपुर चैकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक चली पंचायत कराकर मामला शांत कराया गया। इसके बाद दुल्हन ने फोन कर प्रेमी को बुलाया। मंगलवार को प्रेमी परिजनों के साथ अकबरपुर मैरिज लाॅन पहुंचा और दुल्हन का प्रेमी के साथ जयमाल कराया गया। इसके बाद शादी की रस्में अदा कर दुल्हन को प्रेमी के साथ विदा कर दिया गया। वहीं सिपाही दूल्हा व बारात बिना दुल्हन लिए लौट गई।

 

संबंधित समाचार