बाजपुर: बुजुर्ग महिला पर युवक ने चाकू से किया वार, हिरासत में 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। घर के आंगन में बैठी बुजुर्ग महिला पर एक सिरफिरे युवक ने चाकू से जानलेवा हमला बोलकर घायल कर दिया। महिला का सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में उपचार चल रहा है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दे दी।

बुधवार को ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचे ग्राम दियोहरी शांति कॉलोनी निवासी संजीव पुत्र हरनाम सिंह ने एसएसआई विक्रम सिंह धामी को तहरीर सौंपी में कहा कि 28 फरवरी को दोपहर बाद करीब 3 बजे उसकी बुजुर्ग माता फूलवती घर के आंगन में बैठी थी। आरोप है कि तभी ग्राम अजीमुल्ला भुड़ी निवासी विक्रम पुत्र दोजा घर में घुस आया और बिना किसी बात के गाली-गलौज करते अचानक चाकू से मां पर जानलेवा हमला बोल दिया जिसमें बुजुर्ग बुरी तरह घायल हो गई।

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने वहां से भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को दबोच लिया, जिसे बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। बुरी तरह घायल महिला को आनन-फानन में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

संबंधित समाचार