रुद्रपुरः उत्तराखंड को आत्मनिर्भर बनाने में लगाएंगे अपनी पूरी जिंदगी- कोश्यारी

Amrit Vichar Network
Published By Shobhit Singh
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि राजनीति में वे बहुत काम कर चुके हैं। अब वे अपने बचे हुए जीवन को उत्तराखंड को आदर्श राज्य बनाने में लगाएंगे। इसके लिए योजना बनाई जाएगी। इसमें राज्य के सभी लोगों के सहयोग की जरूरत है। आदर्श राज्य बनाने के लिए मीडिया कर्मियों का भी सहयोग लिया जाएगा।
 
गुरुवार को रुद्रपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व राज्यपाल कोश्यारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे महाराष्ट्र के राज्यपाल के पद से त्यागपत्र देकर आ चुके हैं। इसको लेकर ऊधमसिंह नगर में कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत में कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें कार्यकर्ताओं का काफी प्रेम मिला। उनके इसी प्रेम से अभिभूत होकर अब वे उत्तराखंड कैसे आत्मनिर्भर बनेगा, इस पर काम करेंगे। 

उन्होंने कहा कि वे पिछले 65 साल से उत्तराखंड में काम कर रहे हैं। इसके अलावा वे उत्तराखंड के गांव-गांव और घर-घर जा चुके हैं। अब उत्तराखंड में कैसे पलायन रुक सके और राज्य में समाज में जो बुराइयां आईं हैं, उन्हें कैसे दूर करें, इस पर काम करेंगे। कहा कि राज्य गंगा के जैसा कैसे साफ हो इस पर कार्य करेंगे।  इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, भाजपा प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, मेयर रामपाल, पूर्व विधायक किच्छा राजेश शुक्ला, भारत भूषण चुघ, उत्तम दत्ता, विवेक सक्सेना समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मोदी दुनिया के सबसे योग्य पीएम

पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की। साथ ही कार्यकर्ताओं को देश सेवा के साथ समाज सेवा करने के लिए भी प्रेरित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आने के बाद से देश में काफी विकास कार्य हो रहे हैं। उनके नाम की चर्चा आज पूरी दुनिया में हो रही है। वे हमेशा देश को कैसे आत्मनिर्भर बनाएं और कैसे देश आगे बढ़ेगा, इसके लिए काम करते हैं। इसी का परिणाम रहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण कार्य शुरू हो सका, जो सराहनीय कार्य है। 

नेता भी अपने आचरण को शुद्ध रखें

पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का रूद्रपुर आगमन पर भाजपा के प्रदेश मंत्री विकास शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आर्क होटल पर फूल मालाओं और ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। गिल रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल कोश्यारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के आचरण में शुद्धता लानी चाहिए, इससे समाज के अंदर अच्छा वातावरण बनता है। कहा कि, नेताओं को भी अपने आचरण को शुद्धता रखने के साथ जनहित में ईमानदारी के साथ सेवा करनी चाहिए। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक विकास शर्मा ने पूर्व राज्यपाल कोश्यारी को पगड़ी पहनाकर और तलवार भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पूर्व राज्यपाल कोश्यारी राजनीति में होने के बावजूद भी एक संत की तरह ही रहते हैं। उन्होंने उत्तराखंड में भाजपा को खड़ा करने का काम किया और हमारे जैसे असंख्य कार्यकर्ताओं का भी निर्माण किया। वे उत्तराखंड ही नहीं, पूरे भारत के लोकप्रिय नेता हैं।

यह भी पढ़ें- हल्द्वानीः पीजी की सीटें बढ़ाने के लिए एनएमसी की टीम ने परखीं मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं

संबंधित समाचार