मुरादाबाद : विवादित पोस्ट पर पैनी नजर रखें पुलिस अधिकारी, एडीजी ने दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

त्योहारों को लेकर पुलिस लाइन में अधिकारियों को निर्देश देते एडीजी प्रेम चंद्र मीणा। 

मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को एडीजी बरेली प्रेमचंद्र मीणा ने होली व शब-ए-बारात को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से साफ कहा कि विवादित पोस्ट पर पैनी नजर रखे। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट का तत्काल खंडन किया जाए। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे।

एडीजी प्रेमचंद्र मीणा ने कहा कि होली व शब-ए-बारात को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पूर्व में ही कार्ययोजना तैयार कर उसका सख्ती से अनुपालन कराएं। सभी थानों पर त्योहार रजिस्टर का अवलोकन कर लिया जाए। होलिका दहन स्थल का संबंधित थाना प्रभारी भौतिक सत्यापन कर यह सुनिश्चित कर लें कि उस जगह विवाद की स्थिति तो नहीं है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में होली व शब-ए-बारात में विशेष सतर्कता बरतें।

सिविल लाइंस व कांठ क्षेत्रान्तर्गत निकलने वाले प्रमुख जुलूसों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतर्क दृष्टि  रखी जाए। जिन थाना क्षेत्रों में पूर्व में होली व शब-ए-बारात पर कानून एवं व्यवस्था को प्रभावित करने वाली घटनाएं हुई हों, वहां के थाना प्रभारी व क्षेत्राधिकारी उन स्थानों पर स्वयं जाकर भौतिक सत्यापन कर लें। उन्होंने कहा कि होली एवं शब-ए-बारात पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी यातायात प्लान बनाकर उसका पालन कराया जाए। समीक्षा बैठक में डीआईजी शलभ माथुर, एसएसपी हेमराज मीना, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया व एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार समेत राजपत्रित अधिकारी व थाना प्रभारी शामिल रहे।

सीए हत्याकांड पर ली क्लास
शुक्रवार को यहां पहुंचे एडीजी प्रेमचंद्र मीणा ने अधिकारियों से पूछा कि अब तक सीए हत्याकांड में क्या हुआ? किन-किन बिंदुओं पर जांच की गई। मामले का अब तक खुलासा क्यों नहीं हो पाया? उन्होंने अधिकारियों से केस की प्रगति रिपोर्ट लेने के बाद कुछ और बिदुओं पर दिशा निर्देश दिए। थाना सिविल लाइंस के साईं गार्डन निवासी सीए श्वेताभ तिवारी का दिल्ली रोड स्थित बंसल काम्पलेक्स के पास हत्या कर दी गयी। शूटरों ने उन्हें 15 फरवरी की रात करीब सवा नौ बजे गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद हत्यारे बाइक दौड़ाकर भाग गए थे। इसके बाद से पुलिस की कई टीमें अलग - अलग एंगल पर जांच पड़ताल कर रही हैं, लेकिन शूटरों की गिरफ्तारी में सफलता नहीं मिल सकी है।

शुक्रवार दोपहर बरेली जोन के एडीजी प्रेमचंद्र मीणा ने पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों की मीटिंग की। उन्होंने पुरानी बड़ी घटनाओं के खुलासे नहीं होने पर नाराजगी जताई। कहा कि लूट, हत्या और डकैती जैसी बड़ी घटनाओं में अधिकारी मौके पर जाएं। इसके अलावा उन्होंने सीए श्वेताभ तिवारी हत्याकांड को लेकर भी अधिकारियों से सवाल किए। उन्होंने पूछा कि अब तक इस केस के खुलासे में सफलता क्यों नहीं मिल पा रही है। उन्होंने अधिकारियों को कई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा था कि उन बिंदुओं पर जांच की जाए। जिन्हें अब तक टच नहीं किया गया है।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : होली से पहले शुरू होगा संभल फाटक पुल, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तेजी से करा रहे मरम्मत

संबंधित समाचार