रुद्रपुर: कंपनी के खिलाफ एसएसपी से मिले फ्रेंचाइजी होल्डर
रुद्रपुर, अमृत विचार। विगत दिनों करोड़ों की ठगी कर फरार हो चुकी जीआईसी कंपनी के खिलाफ लोगों ने रोष जताया। ठगी के शिकार लोगों का सीओ द्वारा बयान दर्ज किए गए। वहीं, भाजपा प्रदेश मंत्री विकास शर्मा के साथ फ्रेंचाइजी लेने वालों ने एसएसपी से मुलाकात कर कंपनी संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सभी खाते सीज करने की मांग की।
उनका कहना था कि जिस प्रकार कंपनी द्वारा लोगों को झांसे में लेकर फंसाया गया। उसी प्रकार उनको भी फ्रेंचाइजी देकर धोखा दिया गया है। एसएसपी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेता ने बताया कि पिछले कुछ माह से आवास विकास कॉलोनी में ग्लोबल इंडिया सर्विस के नाम से एक चिटफंड कंपनी का कार्यालय खुला था। जिसमें संचालक द्वारा कम रकम लगाकर ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर हजारों लोगों को अपने जाल में फंसाया और स्थानीय स्तर पर लोगों को जोड़कर उनको फ्रेंचाइजी सौंप दी।
पैसा एकत्र करने के बाद फरार हो गई। उन्होंने कंपनी संचालक की गिरफ्तारी की मांग की। एसएसपी ने बताया कि ठगी के शिकार सभी लोगों के सीओ सदर अनुषा बडोला ने बयान दर्ज कर लिए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
