हल्द्वानी: कुमाऊं में 35.55 हेक्टेयर जंगल धधका पर एक भी पेड़ नहीं जला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं में वनाग्नि की कुल 26 घटनाएं रिपोर्ट हुई हैं इनमें 35.55 हेक्टेयर जंगल जलकर खाक हो गया। हैरानी की बात यह है कि अभी तक एक भी पेड़ नहीं जला है।

वन विभाग के अनुसार, कुमाऊं में मंगलवार तक वनाग्नि की 7 घटनाएं हुईं। इनमें सिविल सोयम/वन पंचायत में वनाग्नि की 6 घटनाओं में 9 हेक्टेयर जंगल जला। आरक्षित वन में वनाग्नि की 20 घटनाओं में 26.55 हेक्टेयर जंगल धधक गया।

वन विभाग ने इसका आंकड़ा अपडेट भी किया है। इनमें चौंकाने वाली बात यह है कि एक भी पेड़ नहीं जला है। वनाग्नि के इन आंकड़ों को लेकर सवाल उठ रहे हैं हालांकि वन विभाग का दावा है कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

इधर, होली पर लोग जंगल, नदी किनारे पार्टी करने जाते हैं और वहीं भोजन पकाते हैं। इस साल बारिश नहीं होने की वजह से जंगलों में नमी की कमी है दूसरा, समय से पहले आई गर्मी से सूखे पत्ते ईंधन भी पर्याप्त है ऐसे में एक चिंगारी जंगल स्वाहा कर सकती है इसलिए वन विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। नदी किनारे, आबादी से सटे जंगलों में लोगों की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी है।

पश्चिमी वन वृत्त के वन संरक्षक  दीप चंद्र आर्य ने कहा कि होली पर लोगों के जंगलों में जाकर खाना पकाने वगैरह पर पाबंदी है। रेंज स्तर पर फॉरेस्ट फोर्स को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित समाचार