राष्ट्रपति ने सिसोदिया और जैन के इस्तीफे किए स्वीकार, सौरभ भारद्वाज और आतिशी मंत्री नियुक्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और मंत्री सत्येंद्र जैन के इस्तीफे स्वीकार कर लिये हैं। दोनों नेता इस समय क्रमश: कथित भ्रष्टाचार और धनशोधन के मामलों में तिहाड़ जेल में बंद हैं। राष्ट्रपति ने आम आदमी पार्टी के विधायक सौरभ भारद्वाज और आतिशी मार्लेना को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली दिल्ली सरकार में मंत्री भी नियुक्त किया।

एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रपति ने दिल्ली के मुख्यमंत्री की सिफारिश पर मनीष सिसोदिया का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। जैन के संदर्भ में भी इसी तरह की अधिसूचना जारी की गयी। सीबीआई ने 2021-22 की दिल्ली आबकारी नीति (अब समाप्त हो चुकी) को बनाने और लागू करने में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में सिसोदिया को 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। वह 20 मार्च तक न्यायिक हिरासत में हैं।

जैन को कथित धनशोधन के एक मामले में 30 मई, 2022 को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। वह भी न्यायिक हिरासत में हैं। भारद्वाज 2013 से आप के विधायक हैं और इस समय दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष हैं। आतिशी शिक्षा विभाग में सिसोदिया की सलाहकार थीं।

यह भी पढ़ें- उदयपुर में नववर्ष पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा 

संबंधित समाचार