हल्द्वानी: हादसों की होली, सड़क पर रफ्तार का कहर

हल्द्वानी: हादसों की होली, सड़क पर रफ्तार का कहर

हल्द्वानी, अमृत विचार। होली का त्योहार हादसों का दिन बन गया। सड़क पर रफ्तार ने इस कदर कहर बरपाया कि कई घरों के चिराग बुझ गए। मुखानी-हीरानगर रोड पर पुलिस लिखी कार ने स्कूटी सवार युवती को रौंद डाला।

घटना में युवती की सहेली भी गंभीर रूप से घायल हो गई। फरार आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए रात लोगों ने कोतवाली का घेराव कर हंगामा काटा। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। होली के दिन अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की मौत हुई, जबकि 35 से अधिक लोग घायल हुए। 
 

रुपनगर मुखानी निवासी संजीव वर्मा पुत्र स्व.रतन चंद्र वर्मा पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं और बाजार में उनकी एक दुकान भी है। घर में पत्नी मोना वर्मा, बेटी हर्षिता (22) व बेटा है। हर्षिता नोएडा स्थित एक कंपनी में काम करती है। बताया जाता है कि होली के दिन हर्षिता की सहेली लव्या जोशी उससे मिलने घर आई थी। लव्या पूर्व डीजी हेल्थ रहीं शैलजा की बेटी है। दोपहर होली मनाने के बाद हर्षिता स्कूटी से लव्या को उसके घर छोड़ने जा रही थी।

स्कूटी सवार दोनों युवतियां अभी केवीएम स्कूल के पास पहुंची थी कि तभी पीछे से आई तेज रफ्तार पुलिस लिखी कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतना जोरदार थी कि युवतियां स्कूटी समेत कई फीट दूर रोड पर जा गिरीं और कार सवार ने हर्षिता को रौंद दिया।

हादसे को अंजाम देकर भाग रहे कार सवार का लोगों ने पीछा शुरू कर दिया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इधर, आनन-फानन में लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने हर्षिता को मृत घोषित कर दिया। जबकि लव्या का इलाज जारी है। 
 

इधर, हादसे के कई घंटे गुजर जाने के बाद भी जब आरोपी नहीं पकड़ा गया तो लोग बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। लोग पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे।

इधर, तलाश में जुटी हीरानगर चौकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में मृतका के पिता संजीव की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 


रो-रोकर सूखे आंसू, मोहल्ले में मातमी सन्नाटा
हल्द्वानी : हर्षिता की मौत ने माता-पिता को बुरी तरह झकझोर दिया है। मां मोना को रो-रोकर बुरा हाल था। वह इतना रोई की बात में आंखों से आंसू निकलना बंद हो गए। जबकि पिता संजीव बेसुध हो गए। बेटी की मौत ने उनके दिल, दिमाग पर इतना गहरा असर डाला है कि वह बिल्कुल शांत पड़ गए हैं। कोई कुछ पूछता तो कई बार पूछने पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इलाकाई लोगों का कहना है कि हर्षिता बेहद हसमुख थी। हर्षिता की मौत से मोहल्ले में मातमी सन्नाटा था। 


चार माह से वर्क फ्रॉम होम पर थी हर्षिता
हल्द्वानी : परिजनों के मुताबिक हर्षिता अपने भविष्य को लेकर बेहद सजद थी। उसने हल्द्वानी से एमबीए की पढ़ाई पूरी की। जिसके बाद उसकी नोएडा स्थित एक कंपनी में नौकरी लग गई, लेकिन चार माह पहले कंपनी ने उसे वर्क फ्रॉम होम पर भेज दिया और अब वह घर से ही काम कर रही थी। वह अपने दम पर बड़ा मुकाम हासिल करना चाहती थी, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। 


दरोगा की पत्नी के नाम पर दर्ज है कार
हल्द्वानी : आरोपी जिस कार को चला रहा था वह दरोगा उमराव सिंह की बताई जा रही है। जो दरोगा ने अपनी पत्नी के नाम से खरीदी थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उमराव ने कार आरोपी को बेच दी थी, लेकिन कागज ट्रांसफर नहीं कराए थे। कोतवाली पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर हादसे को अंजाम देने वाले वाहन को सीज कर दिया गया है।


प्रत्यक्षदर्शी ने पीछा कर खींची कार की फोटो
हल्द्वानी : केवीएम स्कूल के पास जब ये हादसा हुआ, तब वहां से सुभाषनगर निवासी अमित जोशी पुत्र हरीश जोशी मुखानी से अपने मित्र रितेश के साथ क्रियाशाला की ओर जा रहे थे। उनके मुताबिक गाड़ी वाला गाड़ी को जानबूझकर गलत दिशा में चला रहा था। कई लोग बाल बाल बचे। इसकी ये हरकत देखकर दोनों आपस में यही कह रहे थे कि ये जरूर किसी को मारेगा। हादसे के पास स्कूटी सवार दोस्तों में भाग रहे कार चालक का पीछा कर फोटो और वीडियो बनाए। जिसे साक्ष्य के तौर पर पुलिस को दिया गया है। 

तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से युवक की मौत
हल्द्वानी : होली रात घर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार बुलेट सवार ने अपनी चपेट में ले लिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक जवाहर ज्योति कालिका कालोनी दमुवाढूंगा निवासी नन्हे (38) पुत्र विजय पाल होली की पहली रात पैदल घर की ओर जा रहा था।

वह घर के पास पहुंचा था कि तभी तेज रफ्तार बुलेट सवार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे को अंजाम देने के बाद बुलेट सवार मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में नन्हे को पहली एक निजी व बाद में एसटीएच में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान बुधवार रात उसकी मौत हो गई। काठगोदाम पुलिस ने बताया कि अज्ञान वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। 

होली पर घर जा रहे मजदूर को कार ने कुचला
हल्द्वानी : होली पर घर जा रहा बाइक सवार मजूदर को कार ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। 
 

मूलरूप से दिलारी मुरादाबाद उत्तर प्रदेश निवासी विनोद सिंह चौहान (32) यहां जेल रोड के पास रहकर मजदूरी करता था। बताया जाता है कि होली के त्योहार के लिए बुधवार को विनोद बाइक से घर जा रहा था। वह अभी रिलायंस पेट्रोल पंप त्रिमूर्ति मंदिर के पास पहुंचा था कि तभी तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में विनोद को एसटीएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।