देहरादून: फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवा पहले करवाई कोर्ट मैरिज फिर विदा होनी थी डोली लेकिन तभी...
देहरादून, अमृत विचार। नाबालिग की शादी करवाने की सूचना पर प्रशासन की टीम देर शाम कुमारकोट गांव आ पहुंची, यहां शादी की तैयारियां पूरी कर बरात का इंतजार किया जा रहा था। प्रशासन की टीम ने लड़की के हाईस्कूल के प्रमाणपत्र की जांच की तो उसकी उम्र 16 वर्ष कुछ माह निकली और तुरंत शादी रोक दी गई।
मामला विस्तारडुंडा तहसील के कुमारकोट गांव का है, नाबालिग लड़की और उसकी मां को वन स्टॉप सेंटर उत्तरकाशी लाया गया है। वहीं, हरियाणा से आ रही बरात रास्ते से ही लौट गई। बताया जा रहा कि परिजनों ने नाबालिग का फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनवा कुछ दिन पूर्व कोर्ट मैरिज भी करवा दी थी।
पूछताछ में पता चला कि नाबालिग की शादी की बात हरियाणा में उनके किसी परिचित ने ही करवाई थी। उधर, मामले की भनक लगते ही बरात आधे रास्ते से वापस लौट गई है। बताया जा रहा है कि नाबालिग का हरिद्वार में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाया गया है।
जिसके आधार पर परिजनों ने कुछ दिन पहले कोर्ट मैरिज भी करवा दी थी। इधर डुंडा के तहसीलदार प्रताप चौहान का कहना है कि यदि कोर्ट मैरिज करवाई गई होगी तो दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। मामले में गहनता से जानकारी जुटाई जा रही है।
