बाजपुर: छापामारी करने गई वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों का हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। वन संपदा की चोरी की सूचना पर ग्राम इटावा क्षेत्र के अंतर्गत एक टाल पर छापामारी करने पहुंची वन विभाग टीम पर कुछ ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। ग्रामीण दबंगता दिखाते हुए लकड़ी से लदी ट्रॉली को छुड़ा ले गए। ग्रामीणों पर वन कर्मियों की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ करने का आरोप है। हमले में विभाग का वाहन चालक घायल हो गया है। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है।
 

इन दिनों तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत रामनगर रेंज के ज्वालावन क्षेत्र में वन निगम द्वारा लकड़ी का कटान कराया जा रहा है। इसी बीच वन टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली कि यहां से काटे जा रहे पेड़ों की लकड़ी बाजपुर विकासखंड के ग्राम गजरौला इटव्वा स्थित मंजीत सिंह उर्फ मीता पुत्र जगीर सिंह की टाल पर पड़ी है। सूचना पर वन निगम, वन विभाग रामनगर व अन्य सहयोगी स्टाफ की संयुक्त टीम ने गुरुवार की देर रात वन संपदा बरामद करने के लिए छापेमारी कर दी।

वन टीम के अनुसार टाल के नजदीक ही मंजीत सिंह उर्फ मीता के फार्म हाउस में छिपाई गई लकड़ी की ट्रॉली को बरामद कर टीम जैसे ही वापस जाने लगी कि वहां काफी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुषों ने टीम पर हमला कर दिया। वन विभाग के दो वाहनों के शीशे तोड़ दिए जिसमें वाहन चालक गुरमीत सिंह के चोटें आई हैं। वहीं घटना की जानकारी से वन विभाग के अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। रात करीब तीन बजे वन टीम के तमाम अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए जिन्होंने घटना के बारे में जानकारी हासिल की।

वहीं उत्तराखंड वन विकास निगम पूर्व रामनगर के लॉट प्रभारी किशन सिंह भंडारी की ओर से कोतवाली में दी गई तहरीर में मंजीत सिंह उर्फ मीता, मनवीर सिंह पुत्रगण जगीर सिंह, कुलवीर सिंह, बबलू सिंह पुत्र गुरमीत सिंह, स्वर्ण सिंह पुत्र हर्ष सिंह, हरविंदर सिंह पुत्र रतन सिंह, गुरनाम सिंह पुत्र जगीर सिंह, गीता पत्नी मनवीर सिंह निवासीगण गजरौला इटव्वा सहित लगभग 15 अन्य महिला-पुरुषों को नामजद किया गया है। वन टीम में वन टीम पर जब हमला हुआ तो उस समय मौके पर ज्वालावन क्षेत्र के रेंजर देवेंद्र सिंह रजवाण, बन्नाखेड़ा वन रेंजर लक्ष्मण सिंह मर्तोलिया, वन दारोगा नंदकिशोर, किशन सिंह मेहरा सहित अनेक वन कर्मी शामिल थे।

संबंधित समाचार