अल्मोड़ा: प्लीजेंट वैली फाउंडेशन को नोटिस, पक्ष रखने का निर्देश
अल्मोड़ा, अमृत विचार। अल्मोड़ा के डांडाकांडा में स्थापित प्लीजेंट वैली फाउंडेशन के संचालकों को जिला प्रशासन की रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए शासन ने नोटिस जारी किया है और अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।
अल्मोड़ा के डांडाकांडा में वर्ष 2008 में प्लीजेंट वैली फाउंडेशन की ओर से गरीब बच्चों को शिक्षा देने के नाम पर स्कूल के लिए 100 नाली भूमि ली थी, लेकिन जांच के दौरान पता चला कि जहां पर स्कूल खोला गया है। वहां पर केवल 87 नाली जमीन ही नाप है।
जिसके बाद 13 नाली भूमि प्रशासन ने वापस ले ली। प्लीजेंट वैली फाउंडेशन पर जमीन के नाम पर आसपास में काफी अतिक्रमण की शिकायत भी सामने आई थी। जिनमें से कुछ मामले अभी न्यायालय में विचाराधीन भी हैं। करीब चार महीने पहले जब राजस्व विभाग ने प्लीजेंट वैली की भूमि का सर्वे किया तो उस दौरान भी चार अलग अलग स्थानों पर अतिक्रमण पाया गया था, जिसकी जांच सीडीओ की अध्यक्षता में गठित एक समिति कर रही थी। जांच के दौरान जिला प्रशासन ने प्लीजेंट वैली की समस्त भूमि को राज्य सरकार में निहित करने की संस्तुति भी कर दी थी।
रिपोर्ट में जिला प्रशासन ने कहा था कि प्लीजेंट वैली फाउंडेशन द्वारा जमीन लेने की शर्तों का उल्लंघन किया है। जिला प्रशासन की उसी रिपोर्ट के आधार पर अब शासन ने प्लीजेंट वैली फाउंडेशन के संचालकों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि फाउंडेशन के संचालकों को नोटिस रिसीव करा दिया गया है।
