सबका साथ-सबका विकास, जन-जन को सरकार पर विश्वास- संतोष गंगवार
विकास भवन में लगी तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का पूर्व केंद्रीय मंत्री ने फीता काटकर किया उद्घाटन
बरेली, अमृत विचार। सरकार की योजनाएं तेजी से जन-जन तक पहुंच रही हैं। हर वर्ग को इसका लाभ मिल रहा है। रोजगार के लिए सरकार बैंक से सस्ती दरों पर लोन दिला रही है। अधिक से अधिक लोग विकास भवन प्रांगण में लगी चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं को देखकर इसका लाभ उठाएं।
यह बातें शुक्रवार को विकास भवन में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से कल्याणकारी योजनाओं को लेकर लगाई गई तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आरंभ करते समय पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार ने कही। प्रदर्शनी सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास-सबका प्रयास थीम पर आधारित है। यह प्रदर्शनी 12 मार्च तक चलेगी।
संजीव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों के जन कल्याण के लिए गांव के गरीब किसान मजदूर, महिला, युवा, उद्यमी, व्यापारी, फेरी वाले, कौशल विश्वकर्मा, श्रम मजदूर,आदि के लिए हर क्षेत्र में सरकार काम कर रही है। बरेली के हर नागरिक को विकास भवन आकर चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करना चाहिए और संचालित योजनाओं का संबंधित अधिकारियों से मिलकर उनका लाभ भी उठाएं।
सीडीओ जग प्रवेश ने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर चित्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के पांच लाभार्थियों को आइस बॉक्स एवं एक तालाब निर्माण के लाभार्थी को डीबीटी के माध्यम से अनुदान की धनराशि और मत्स्य पालन के लिए 12 मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड का वितरण किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा, बंटी ठाकुर, पीपीओ अर्चना प्रकाश, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बरेली: अप्रैल तक बन जाएंगी शहर से निकलने वाली छह सड़कें
