देहरादून: पत्नी से हुई लड़ाई...शराब गटकी और टंकी पर चढ़ करने लगा नौटंकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। अपनी पत्नी से झगड़ा कर पति ने पहले शराब पी और फिर पानी की टंकी पर चढ़ जोर-जोर से चिल्लाने लगा, वो अपनी पत्नी पर बेवफा होने का राग अलापता तो कभी दूसरे व्यक्ति के साथ पत्नी के संबंध होने की बात कहता। इधर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई मगर वह टंकी से नहीं उतरा। 

 करीब तीन घंटे तक यह ड्रामा चलता रहा और इस दौरान एसडीआरएफ को भी मौके पर बुला लिया गया। नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

 मामला डालनवाला थाना के नालापानी का है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र निवासी एक शख्स का शुक्रवार को पत्नी से झगड़ा हुआ था। वह पत्नी पर किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का आरोप लगा रहा था।

इसी बीच करीब 12 बजे वह नालापानी में बने ओवरहेड टैंक पर चढ़ गया। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर नंद किशोर भट्ट ने समझाने का प्रयास किया। लेकिन, उसने किसी की नहीं सुनी।

इस बीच उस शख्स को भी मौके पर बुला लिया गया जिसके साथ वह अपनी पत्नी के संबंध बता रहा था। पुलिस ने उसे भी डांट लगाई लेकिन फिर भी टंकी पर चढ़ा व्यक्ति नहीं माना। करीब दो घंटे बाद एसडीआरएफ को बुलाया गया। एसडीआरएफ कर्मी टंकी पर चढ़ने लगे, तब तक उसका नशा भी उतर गया और वह खुद नीचे आने लगा। करीब तीन बजे टंकी के बाहर घेरा बनाए खड़ी पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि जलसंस्थान कर्मियों की ओर से शिकायत मिलने पर व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

संबंधित समाचार