बरेली: 23 मार्च को कैंट बोर्ड जारी करेगा मतदाता सूची, 27 को होगा नामांकन
6 मार्च तक कैंट के सभी वार्डों से पहुंची 12 सौ से अधिक आपत्तियां, 18 तक होगा निस्तारण
बरेली, अमृत विचार। कैंट चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के साथ विभागीय कवायद भी तेज हो गई है। 30 अप्रैल को मतदान होना है। इससे पहले वोटर की आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है। कैंट बोर्ड की ओर से जारी चुनावी रूपरेखा के मुताबिक 27 मार्च को नामांकन प्रक्रिया होगी।
सभी वार्डों से 12 सौ से अधिक समावेशी फार्म जमा कराए गए हैं। 1 से 3 मार्च तक कुल 70 आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। 6 से 10 मार्च के बीच मतदाता सूची में नाम आदि का संशोधन के लिए आपत्तियां पहुंची हैं। पूरे कैंट क्षेत्र के सात वार्डों में वर्तमान में 13223 मतदाता सूची के अनुसार मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। सीईओ विवेक सिंह ने बताया कि उक्त सभी आपत्तियों का निस्तारण 18 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 23 मार्च तक जारी कर दी जाएगी।
उधर, क्षेत्र के सभी वार्डों में संभावित प्रत्याशियों ने भी नामांकन से पूर्व चुनावी माहौल बनाना शुरू कर दिया है। प्रत्याशी क्षेत्र में विकास की बयार बहाने के अनेक विकास परक मुद्दों को लेकर लोगों के घर-घर तक पहुंचाने लगे हैं।
चुनाव में पूर्व की तरह मुख्य राजनीतिक पार्टियां भी अपने उम्मीदवार उतारेंगी। क्षेत्र में अपने वादों से आम जनता को लुभाने के लिए कई प्रत्याशी खुद को अभी से पार्टी का उम्मीदवार बता रहे हैं। हालांकि पार्टियों की आधिकारिक घोषणा के बाद उम्मीदवारों के नाम से संशय भी खत्म हो जाएगा। बहरहाल, चुनाव में अपनी मजबूत दावेदारी के लिए संभावित प्रत्याशियों ने पार्टियों का झंडा अभी से थाम लिया है।
यह भी पढ़ें- बरेली: बैंक में ग्राहक के रुपए चोरी, सभी CCTV खराब...ड्यूटी से सुरक्षाकर्मी भी नदारद
