अयोध्या: ग्राम पंचायतों में 16 मार्च से शुरू होगा पंचायत निधि का आडिट
28 मार्च तक खंड विकास अधिकारियों को देनी है रिपोर्ट
अमृत विचार, अयोध्या। विकास योजनाओं के लिए मिली धनराशि खुले हाथों से उड़ाने वाली ग्राम पंचायतों पर अब शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी गई है। शासन के निर्देश पर वर्तमान वित्तीय वर्ष में ग्राम पंचायतों की आडिट की कवायद शुरू हो गई है। संभावना है कि आडिट में कई बड़ी ग्राम पंचायतों में अनियमितता के खुलासे भी हो सकते हैं।
शासन के निर्देश पर जिला पंचायत राज अधिकारी दमन प्रीति अरोड़ा ने आगामी 16 मार्च से ग्राम पंचायतों में आडिट शुरू कराए जाने के निर्देश सभी खंड विकास अधिकारियों को जारी किए हैं। जिले में कुल 835 ग्राम पंचायतें है इन सभी पंचायतों में आडिट के लिए दो-दो कर्मचारियों को लगाया गया है। बताया गया कि कुल 1670 कर्मचारी लगाए जा रहे। आवश्यकता अनुसार कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।
खास बात यह है कि इन कर्मचारियों में ग्राम पंचायत अधिकारी को नहीं लगाया गया है इसमें संबंधित ब्लाक के कर्मचारी ही आडिट के लिए जायेगें। जारी निर्देश के तहत आडिट के लिए लगाए गए कर्मचारियों को सचिव और प्रधान को अब तक 15 वें वित्त आयोग और अन्य योजनाओं के तहत कुल कितनी धनराशि मिली, कुल कितना किस-किस मद में खर्च किया गया और अवशेष धनराशि का सम्पूर्ण ब्यौरा उपलब्ध कराना होगा। आडिट के दौरान पंचायतों द्वारा की गई खरीद फरोख्त, मनरेगा में डोंगल से निर्गत की गई मजदूरी आदि का बिल-बाऊचर आदि भी उपलब्ध कराना होगा।
आडिट के दौरान ग्राम सचिवालय में ग्राम प्रधान और सचिव की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। असहयोग करने पर ग्राम प्रधान और सचिव के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। आडिट की पूरी रिपोर्ट 28 मार्च तक खंड विकास अधिकारियों को मुख्यालय भेजनी होगी। यदि किसी भी ग्राम पंचायत में आडिट में गड़बड़ी पाई जाती है उसके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नए वित्तीय वर्ष में बजट आवंटित नहीं किया जाएगा।
कोट -
सभी ग्राम पंचायतों का आडिट होना है इसके लिए निर्देश दिए गए हैं। वित्तीय वर्ष समापन से पूर्व आडिट रिपोर्ट शासन को भेजी जानी है। इसके लिए रुट मैप तैयार किया जा रहा है।
- दमन प्रीति अरोड़ा, जिला पंचायत राज अधिकारी, अयोध्या
ये भी पढ़ें - अयोध्या: दो महीने में ही उखड़ गई सड़क, ग्रामीणों ने DM से की शिकायत
