बहराइच में जान बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया युवक, अस्पताल में चल रहा इलाज
बहराइच, अमृत विचार। मुर्तिहा रेंज के मंझाव गांव निवासी एक युवक बाजार से घर जा रहा था। तभी जंगल से निकल कर आए तेंदुए ने युवक पर हमला कर दिया। युवक ने तेंदुए से बचाव के लिए पांच मिनट तक संघर्ष किया। गंभीर हालत में घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के मुर्तिहा रेंज अंतर्गत मंझाव गांव निवासी राजेश (40) पुत्र सोमारू सोमवार शाम को बाजार खरीददारी के लिए गया था। शाम को वह खरीददारी के बाद वापस आ रहा था। तभी रास्ते में जंगल से निकल कर आए तेंदुए ने युवक पर झपट्टा मारकर घायल कर दिया। इस बीच युवक ने किसी तरह तेंदुए से संघर्ष करते हुए अपनी जान बचाई। इस बीच तेंदुए और युवक में करीब 5 मिनट तक संघर्ष चलता रहा, जिससे युवक की जान बच सकी। युवक के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने हांका लगाते हुए किसी तरह तेंदुए को भगाया। आसपास के ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन दरोगा गणेश शंकर शुक्ला को दी।
घटनास्थल पर पहुंचे वन दरोगा ने घायल को निजी उपचार के बाद उसे सीएचसी पहुचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। तेंदुए के हमले में युवक के सिर, हाथ और पीठ पर भारी जख्म हुए हैं। वन दरोगा ने तेंदुए के हमले की पुष्टि की है।
बाघ और तेंदुए की घटना से सहमें ग्रामीण
कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के जंगल से सटे आबादी में बाघ और तेंदुए के लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है लोग सहमें हुए हैं। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से वन्य जीवों से सुरक्षा की मांग की है। प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप बधावन ने वन कर्मियों को नियमित रूप से गश्त कर लोगों को सतर्क किए जाने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें - उमेश पाल हत्याकांड: बहराइच में STF ने बसपा नेता समेत दो संदिग्धों को उठाया, SP ने कहा - ऐसी कोई जानकारी नहीं
