रुद्रपुरः न्यायालय में अपनी रिपोर्ट प्राथमिकता से प्रस्तुत करे पुलिस विभाग- डीएम
रुद्रपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी युगल किशोर पंत ने मासिक स्टाफ बैठक में वसूली, चकबंदी, भू-राजस्व, सिंचाई पर वसूली, विविध देय, राज्य कर, स्टॉप आदि विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यों को निर्धारित समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को न्यायालय में अपनी रिपोर्ट प्राथमिकता से प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। ताकि अभिलेखों के अभाव में अपराधी बच के समाज में अपराधों को बढ़ावा न दे सकें। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों व तहसीलदारों को निर्देश दिये कि कोर्ट के लंबित वादों का अभियान चलाकर निस्तारण करें।
तहसीलदारों को नामांतरण के कार्यों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारियों को तीन वर्ष व पांच वर्ष से ऊपर के लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिये। राज्य कर विभाग को निर्देश दिये कि वसूली से संबंधित आरसी को परीक्षण के बाद भेजा जाए।
साथ ही सभी उप जिलाधिकारी को सीलिंग की भूमि व सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के निर्देश दिये। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह, उपजिलाधिकारी प्रत्यूष सिंह, कौस्तुभ मिश्रा, ओसी मनीष बिष्ट, जेडी (विधि) डीएस जंगपांगी सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल के माध्यम से उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- रुद्रपुरः H3N2 VIRUS को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में बेड़ों की संख्या बढ़ी
