FCI ने ई-नीलामी के छठे दौर में थोक उपभोक्ताओं को खुले बाजार में 4.91 लाख टन गेहूं बेचा
नई दिल्ली। गेहूं और गेहूं आटे की कीमतों को काबू में लाने के मकसद से सरकारी स्वामित्व वाली एफसीआई ने ई-नीलामी के छठे दौर में आटा चक्की जैसे थोक उपभोक्ताओं को 4.91 लाख टन गेहूं बेचा है। केंद्र ने खुदरा कीमतों को कम करने के लिए खुली बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत 50 लाख टन गेहूं की बिक्री की घोषणा की है, जिसमें से 45 लाख टन थोक उपयोगकर्ताओं के लिए निर्धारित किया गया है। एक सरकारी बयान के अनुसार, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने 15 मार्च को छठे दौर की ई-नीलामी आयोजित की थी।
इसमें कहा गया है, एफसीआई के 23 क्षेत्रों में 611 डिपो से कुल 10.69 लाख टन गेहूं की पेशकश की गई और 970 बोलीदाताओं को 4.91 लाख टन गेहूं बेचा गया। ई-नीलामी के छठे दौर के बाद, ओएमएसएस के तहत गेहूं की संचयी बिक्री 45 लाख टन के कुल आवंटन के मुकाबले 33.77 लाख टन तक पहुंच गई है। बयान में कहा गया है, इस बिक्री ने पूरे देश में गेहूं और आटे की कीमत को नरम करने में महत्वपूर्ण असर डाला है।
ये भी पढे़ं- भारतीयों ने 6-जी प्रौद्योगिकी के लिये 100 पेटेंट हासिल किए: अश्विनी वैष्णव
