Kanpur: सड़क में गड्ढें नहीं गड्ढों में सड़क, वाहन सवार होते चुटहिल, कुंभकर्णी नींद से नहीं जाग रहा जिम्मेदार विभाग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर की टूटी सड़कों में वाहन सवार फंसकर चुटहिल होते।

कानपुर में सड़क में गड्ढें नहीं गड्ढों में सड़क है। अक्सर वाहन सवार फंसकर चुटहिल होते। वहीं, जिम्मेदार विभाग कुंभकर्णी नींद से जाग नहीं रहा।

कानपुर, अमृत विचार। जरा संभलकर चलिए जनाब, हर राह में सिर्फ गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे हैं…। शायरी अंदाज की ये लाइन कानपुर शहर की सड़कों के हाल पर बिल्कुल सटीक बैठती हैं। शहर में सड़कें वहां भी बुरी हालत में हैं, जहां ज्यादा लोगों की आवाजाही तो होती है साथ ही बाहरी जिलों व प्रदेश के लोग भी शहर में ज्यादातर उसी सड़क से होकर बाजार आदि की ओर जाते हैं। लेकिन उन्हें कंकड़, गड्ढों और टूटी सड़कों का जोखिम उठाना पड़ता है। कई बार बड़ी दुर्घटनाएं भी हुई हैं तो हर रोज कोई न कोई इन गैरजिम्मेदारान रवैये का शिकार हो ही जाता है। 
 

कंकड़ ऐसे कि चलते हैं तो आती है मोच

लकड़मंडी में जर्जर सड़क पर चलना इतना दूभर है कि जो पैदल चलता है तो उसे मोच आ जाती है। यदि दोपहिया वाहन से चलता है तो फिसल जाती है। चार पहिया वाहन दौड़ते हैं तो कंकड़ उछल पड़ते हैं। यतीमखाना चौराहा से लकड़मंडी होते हुए बकरमंडी जाने वाले रास्ते पर दूसरे जिलों से आने वाले व्यापारी भी गुजरते हैं। यहां रेडीमेड कपड़ों की मैन्यूफैक्चरिंग होती है और खरीदारी भी। कर्नल गंज क्षेत्र व आसपास घनी आबादी भी है, लेकिन जिम्मेदारों को कोई परवाह नहीं।
 

यहां रेंगते हैं वाहन, चूके तो हुई दुर्घटना

रेलवे स्टेशन मार्ग सुतरखाना में सड़क टूटी हुई हैं। यहां गाड़ियां रेंगती हैं, जरा भी चूके तो बड़ी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि लोगों को काफी परेशानी होती है। जिम्मेदारों ने गड्ढों पर मिट्टी डाल दी है। लेकिन, इससे समस्या खत्म तो नहीं हुई, बल्कि चलते वाहनों के कारण उड़ती धूल ने लोगों को और परेशान कर दिया है। हरवंश मोहाल थाना से घंटाघर जाने वाली सड़क सुतरखाना क्षेत्र में रेलवे का पार्सल घर है और कई होटल, दूध मंडी व रेलवे लाइन किनारा होने की वजह से काफी आवाजाही होती है।
 
केस-1
बाइक फिसली तो बुजुर्ग का टूट गया पैर
 
कर्नलगंज के रहने वाले राकेश कुमार बताते हैं कि उनके पिताजी बाबू लाल उनके साथ बाइक पर किसी काम से जा रहे थे। पंद्रह दिन पहले लकड़मंडी की खराब सड़क पर गुजरते समय अचानक बाइक फिसल गई और दोनों गिर गए। इसमें पिताजी का पैर टूट गया, वह अब भी स्वस्थ नहीं हैं।
 
केस-2
दुर्घटना के बाद सड़क पर जाना ही कर दिया बंद
 
हरवंश मोहाल की रहने वाली प्रतिभा सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन मार्ग सुतरखाना में सड़क टूटी हुई है। एक बार बेटे के साथ स्कूटी पर जा रही थी। अचानक गड्ढे के कारण उनकी कमर में काफी झटका आया और उसके बाद वह काफी घबरा गईं। इस वजह से अब वह उस सड़क पर जाना ही बंद कर दिया। सड़क ठीक होने के बाद ही यह घबराहट दूर होगी। 

 

शहर की इन सड़कों का भी बुरा हाल

- खपरा मोहाल पुल से सेंट्रल स्टेशन कैंट की रोड खराब
- रेल बाजार फैथफुल गंज में टूटी है सड़क
- परेड से नई सड़क का भी बुरा हाल
- ग्वालटोली नाले किनारे अहिराना क्षेत्र की सड़क खराब
- माल रोड मुरे कंपनी पुल के नीचे की सड़क खराब

 

संबंधित समाचार