हरदोई: 132 केवीए लाइन में फाल्ट से पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित, गहराया पानी का संकट
शाहाबाद, हरदोई, अमृत विचार। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान 132 केवीए विद्युत सब स्टेशन में फाल्ट होने की वजह से अब पूरे शाहाबाद ब्लाक क्षेत्र की सप्लाई ठप हो गई है। जिससे पानी को लेकर एक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। बिजली कर्मचारियों की 72 घंटे की हड़ताल को लेकर पहले से ही तीन फीडरों की बिजली गुल थी।
शनिवार की सुबह हुई बारिश के कारण 132 केवीए विद्युत सब स्टेशन आगमपुर में फाल्ट हो जाने की वजह से पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है जिससे शहरी क्षेत्र में पानी का भीषण संकट खड़ा हो गया है। आपको बता दें पिछले दो दिनों से बिजली कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 72 घंटे की स्ट्राइक पर चल रहे हैं।
स्ट्राइक की वजह से कोई कर्मचारी अपने काम पर नहीं है। अख्तियारपुर, तहसील और अल्लाहपुर के आधा फीडर पर शुक्रवार से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित चल रही थी लेकिन शनिवार की सुबह हुई बारिश ने आगमपुर 132 केवीए विद्युत सब स्टेशन पर भी फाल्ट कर दिया।
जिससे बचे खुचे क्षेत्रों की भी विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। बिजली आपूर्ति ठप हो जाने की वजह से शहरी क्षेत्र में पानी का संकट खड़ा हो गया है। लोग बूंद-बूंद पानी को तरस गए हैं। खंड विकास अधिकारी को एसडीओ का चार्ज तो दे दिया गया परंतु एसडीओ का चार्ज लेने के बाद खंड विकास अधिकारी पूरी तरह से अपने को असहाय महसूस कर रहे हैं। कोई भी कर्मचारी काम पर लौटने को तैयार नहीं है।
हालांकि एसडीएम धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने संविदा कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव सहित कई कर्मचारियों से बात की लेकिन बात नहीं बन सकी। पानी का संकट खड़े हो जाने की वजह से शहर में त्राहि-त्राहि मची हुई है।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: ननिहाल जा रही युवती की सड़क हादसे में मौत, पति व ममेरा भाई घायल
