हल्द्वानी: आधी रात बंद घर में पकड़ा शराब का जखीरा, ताला तोड़कर सिटी मजिस्ट्रेट ने कमरे से बरामद की शराब
हल्द्वानी, अमृत विचार। पुख्ता खबर के बाद आधी रात सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने भोटियापड़ाव चौकी क्षेत्र में छापेमारी की, लेकिन तस्कर घर में ताला डालकर फरार हो चुके थे। घर का ताला तोड़कर सिटी मजिस्ट्रेट अंदर दाखिल हुई तो वहां से शराब का जखीरा बरामद हुआ। कोतवाली पुलिस ने फरार तीनों तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह को सूचना मिली थी कि भोटियापड़ाव चौकी के पीछे सुभाषनगर स्थित एक घर में भारी मात्रा में शराब रखी गई है। सूचना पर शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे सिटी मजिट्रेट टीम के साथ सुभाषनगर निवासी हरमीत कोहरी के घर पहुंच गईं, लेकिन मकान में रहने वाले लोग फरार थे और दरवाजे पर ताला लगा था।
जिस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर पुलिस बुलाई। पुलिस की मौजूदगी में ताला तोड़कर सिटी मजिस्ट्रेट अंदर दाखिल हुईं और जब तलाशी शुरू हुई तो अंदर रखी अलमारी से शराब का जखीरा बरामद किया गया। घर से शराब की 37 बोतल, 90 हाफ और 304 पव्वे बरामद हुए।
पड़ताल में सामने आया कि मकान में रजत रावत, मनीष मटियानी और फिरोज गाबा बतौर किराएदार रहते थे और उन्होंने ही अवैध तरीके से घर में शराब का स्टॉक जमा कर रखा था। बताया यह भी जाता है कि यही से शराब अवैध तरीके से बेची भी जाती है। पुलिस ने तीनों को आरोपी मानते हुए तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इतनी भारी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी।
