इंदिरा गांधी कला केन्द्र के वैदिक हेरिटेज पोर्टल का 23 मार्च को शाह करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह वैदिक हेरिटेज पोर्टल का राजधानी में 23 मार्च को लोकार्पण करेंगे। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र (आईजीएनसीए) द्वारा विकसित किए जा रहे, इस पोर्टल का उद्देश्य हजारों वर्ष पुरानी वैदिक ज्ञान परंपरा से जुड़ी व्यापक सामग्री को साधारण व्यक्तियों से लेकर शोधार्थियों और विद्वानों तक के लिए सुलभ बनाना है।
आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ सच्चिदानंद जोशी ने शनिवार को यहां संस्था के 36वें स्थापना दिवस समारोहों की जानकारी देने के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन मे बताया कि शाह पूर्वाह्न् 11:30 बजे आयोजित विशेष कार्यक्रम में वैदिक हेरिटेज पोर्टल का अनावरण करेंगे, जो सभी के लिए सुलभ होगा।
आईजीएनसीए के 36वें स्थापना दिवस समारोह 19 से 24 मार्च तक नयी दिल्ली और संस्था के नौ क्षेत्रीय केन्द्रों में आयोजित किये जा रहे हैं। दिल्ली में इस सिलसिले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनी तथा परिचर्चाओं का एक बड़ा कार्यक्रम तैय़ार किया गया है। डॉ जोशी ने कहा कि वैदिक हेरिटेज पोर्टल के उद्घाटन समारोह में देशभर से तीन सौ से चार सौ की संख्या में विद्वान और विद्यार्थी शामिल होंगे। उन्होंने कहा, यह अभी पायलट प्रोजेक्ट है। हम इस पर छह साल से काम कर रहे हैं और अब तक का काम बहुत संतोषजनक रहा है।
डॉ जोशी ने कहा, वेदों को जानने की उत्कंठा देश-विदेश में बढ़ी है। श्रुति और स्मृति परंपरा से पांच हजार साल से अधिक समय से जीवंत वैदिक ज्ञान परंपरा और वेदों का अध्ययन तथा अध्यापन में देश-विदेश में तमाम स्रोत, संस्थाएं और व्यक्ति जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में आईजीएनसीए को देश-विदेश विभिन्न संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और व्यक्तियों से मदद मिल रही है।
उन्होंने बताया कि आईजीएनसीए के 36वें स्थापना दिवस समारोहों के दौरान भारत में 64 कलाओं पर एक वर्चुअल म्यूजियम का भी उद्घाटन किया जाएगा और इसका उद्देश्य देश की युवा पीढ़ी को अपनी प्राचीन परंपराओं से जोड़ना है।
ये भी पढ़ें : देश के 76 नमूनों में कोरोना वायरस का नया प्रकार एक्सबीबी1.16 पाया गया : INSACOG का आंकड़ा
